आगरालीक्स…(6 June 2021 Agra) आगरा के उद्यमियों और चार्टेड अकाउंटेंट में हुआ मंथन. बोले—उद्यमी और सरकार के तालमेल से ही दौड़ेगा विकास का पहिया
“उद्यमिता को प्रज्वलित करने के लिए चिंगारी” बिषय पर हुआ वेबीनार
एशियन इकोनोमिक काउंसिल, जनहित शिक्षण सेवा संस्थान एवं चैंबर ऑफ चार्टर्ड प्रोफेशनल्स द्वारा कॉर्पोरेट काउंसिल फॉर लीडरशिप एंड अवेयरनेस (सीसीएलए) के सहयोग से “उद्यमिता को प्रज्वलित करने के लिए चिंगारी” विषय पर वेबिनार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एमएसमएमई-डीआई आगरा के संयुक्त निदेशक टीआर शर्मा और विशिष्ट अतिथि नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रहे।
एनआईआरसी के कोषाध्यक्ष सीए विजय कुमार गुप्ता ने अपने सम्बोधन में उद्योगों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार और उधमियों के पारस्परिक तालमेल को बनाये जाने की जरुरत पर जोर दिया। सीसीएलए अध्यक्ष जीवनदत्त शर्मा ने आपसी चर्चा की निरंतरता बनाये रखने पर जोर दिया। मुख्य वक्ता के रूप में एमएसएमई सीडीओ सुशील यादव ने विभाग की योजनाओं को विस्तार से बताया एवं चार्टेड अकाउंटेंट आगरा शाखा के पूर्व अध्यक्ष सीए शरद पालीवाल ने वर्तमान समय में कारोबार की आर्थिक जटिलताओं को कम करने मन्त्र बताया।
वहीं महासचिव सीसीएलए अजय शर्मा, बृजेश शर्मा, रावी इवेंट्स के निदेशक मनीष अग्रवाल, भारत विकास परिषद के सीए विवेक अग्रवाल, धर्म गोपाल और डॉ. राम नरेश शर्मा ने अपने -अपने सम्बोधन में उद्योग जगत की वर्तमान दशा और दिशा पर प्रकाश डाला। वेबिनार का संचालन वरिष्ठ सीए राजीव गोयल ने किया धन्यवाद ज्ञापन गुरुग्राम के सीए धीरज के एस शर्मा ने किया।

भारत सरकार का सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसमएमई) उद्योग और उद्यमियों को गति देने के लिए प्रगतिशील है। कोरोना के इस संक्रमण काल में औद्योगिक विकास का पहिया न रुके यह हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। टीआर शर्मा, संयुक्त निदेशक, एमएसमएमई
अब समय आ गया है जब भारत सरकार एमएसमएमई के माध्यम से छोटे-छोटे उद्यमियों को बताए कि वो क्या उद्योग लगाए और कैसे लगाए। आवश्यक एनओसी रजिस्ट्रेशन एकल विंडो से तुरंत मिले जिससे उद्योग प्रोत्साहित हो सकें, अनावश्यक परेशानी का सामना ना करना पड़े। मनीष अग्रवाल, अध्यक्ष, नेशनल चैंबर
एक उद्यमी की सोच हमेशा आपदा को अवसर में बदलने की होनी चाहिए, कभी भी असफलताओं का जिम्मेदार दूसरों को न ठहराए, जिम्मेदारियों को अपने ऊपर लें, इस बात पर निरन्तर शोध करें कि अपने उत्पादों को किस तरह अधिक से अधिक उपभोक्ता तक पहुंचाया जा सकता है। -सीए शरद पालीवाल
एमएसएमई उधमियों के लिए एक जादुई चिराग की तरह है उससे आपको अपनी चाहत को साझा करना है। उद्यमी और उद्यमिता को गति देने के लिए कई योजनाएं चल रही हैं जोकि लाभकारी हैं अगर आपके पास आगे बढ़ने की सोच है तो हमसे मिलें। -सुशील यादव, सीडीओ, एमएसएमई
आज देश जिस प्रकार कोरोना संकट से लड़ रहा है उसी प्रकार देश के सामने आर्थिक संकट की लड़ाई है। कारोबार में वर्तमान समय में सूझबूझ के साथ सकारात्मक नज़रिया ही आपको इस आपदा पर विजय दिला सकता है। – जीवन दत्त शर्मा, अध्यक्ष, सीसीएलए
किसी भी मिशन को कामयाब बनाने के लिए एकाग्रता और कठिन परिश्रम उसका बुनियादी आधार होता है। इस संकट में हमें सरकारों की दरियादिली का इंतजार करने के बजाय हमें इसी नीति और नियत पर काम करना चाहिए। अजय शर्मा, महासचिव, सीसीएलए
इस वेबिनार को उद्यमिता को प्रज्वलित करने के लिए चिंगारी नाम के जिस अत्यंत प्रभावशाली शीर्षक से आयोजित किया गया है वो निश्चित रूप से आज की जरुरत है, यह मंथन निश्चित रूप से हमें एक सुखद परिणाम दिलाएगा। – मनीष अग्रवाल, निदेशक, रावी इवेंट्स
एक मंच पर आर्थिक मामलों के विशेषज्ञों के साथ भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसमएमई) के शीर्ष अधिकारियों की मौजूदगी इस वेबिनार के उद्देश्य की सार्थकता को सिद्ध करती है, मुझे लगता है कि यही इसकी कामयाबी का प्रमाण है। – सीए धीरज के एस शर्मा