आगरालीक्स…(6 June 2021 Agra) शादी के छह महीने बाद ही विवाहिता ने लगाई फांसी. परिजन बोले—ससुराली शादी में मिले एसी और एलईडी को बता रहे थे पुराना
छह महीने पहले हुई थी शादी
आगरा के थाना हरीपर्वत क्षेत्र में शादी के छह महीने बाद ही नवविवाहिता ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. मौके पर पहुंचे विवाहिता के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जानकारी के अनुसार एत्माद्दौला के रामबाग पर रहने वाले रवींद्र यादव ने अपनी बेटी नेहा की शादी थाना हरीपर्वत क्षेत्र के लंगड़े की चौकी क्षेत्र में रहने वाले सचिन के साथ की थी. सचिन पीसीएस की तैयारी कर रहा है और एक कोचिंग सेंटर भी चलाता है लेकिन इस समय लॉकडाउन के कारण कोचिंग सेंटर बंद हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सचिन ने शाम को करीब छह बजे नेहा के परिजनों सूचना दी कि नेहा ने अपने कमरे में फांसी लगा ली है.
एसी और एलईडी को नया लाने के लिए बना रहे थे दबाव
सूचना पर मृतका के पिता अपने अन्य परिजनों के साथ वहां पहुंच गए. उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी है. रविंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज में मिले एसी और एलईडी को पुराना बता रहे थे और नया लाने के लिए विवाहिता पर दबाव बना रहे थे. उन्होंने बताया कि शनिवार को नेहा ने अपने मायके में फोन कर मारपीट की भी सूचना दी थी, लेकिन शाम को 6 बजे उसकी दोबारा मौत की सूचना मिली. परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और फिर उसे फंदे पर लटका दिया है. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि लड़की पक्ष ने तहरीर दी है. ससुरालियों से पूछताछ की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोट के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी.