आगरालीक्स….बजट पेश कर रहीं एक महिला से महिलाओं को सबसे ज्यादा उम्मीद. रसोई से लेकर सुरक्षा तक का रखा जाए ध्यान. क्या हैं आपके विचार
राहतभरा हो बजट
एक फरवरी को वर्ष 2021—22 का आम बजट पेश किया जाएगा. वैसे तो बजट से देश के हर नागरिक को उम्मीद रहती है कि जो बजट पेश किया जाएगा, वो उनके लिए राहतभरा होगा. चूंकि बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण पेश कर रही हैं, जो कि स्वयं एक महिला हैं, ऐसे में महिलाओं को सबसे अधिक उनसे आशा है कि जो बजट पेश किया जाएगा वो उनके लिए काफी राहतभरा होगा. किचन को महंगाई से बचाना हो या फिर सुरक्षा, आधी आबादी को दोनों में ही राहत चाहिए. आगरालीक्स पर जानिए क्या कहती हैं महिलाएं—

गृहणी निशा दुबे का कहना है कि इस वर्ष के बजट में निम्न वर्ग और मध्यम वर्ग की रसोई का विशेष रूप से ध्यान रखा जाए. रसोई का बजट नहीं बिगड़ना चाहिए, अगर यह बिगड़ताहै तो इससे पूरी फैमिली पर प्रभाव पड़ता है.
गृहणी रूबी सिंह का कहना है कि बढ़ती महंगाई से किचन का बजट बिगड़ रहा है. इससे घर चलाना महिलाओं के लिए मुश्किल हो रहा है. दो से तीन वर्ष पहले सस्ते दाम पर सिलिंडर मिलता था लेकिन इसके दाम भी अब आसमान छू रहे हैं. इसकी दरों में कटौती जरूरी है. खाद्य पदार्थों के दाम में भी लगाम लगाने की आवश्यकता है.
शिक्षिका एवं लेखिका पवित्रा अग्रवाल का कहना है कि बजट में महिलाओं का विशेष ध्यान होना चाहिए, चाहे वह सुरक्षा से जुड़ा मसला हो या फिर किचन से जुड़ी कुछ भी बात. दोनों ही बातों में महिलाओं का ध्यान रखा जाना जरूरी है. महिलाओं के लिए योजनाएं भी बेहतर होनी चाहिए जिससे कि उसका लाभ उन्हें सही तरीके से मिले.
शिक्षिका अपर्णा कहती हैं कि अधिकतर महिलाएं जिस सेक्टर में काम करती हैं वहां बहुत ज्यादा पैसे नहीं होते हैं. ऐसे में इन सेक्टर्स पर बहुत अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है. सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए कि टेक्नोलॉजी से जुड़े नए जमाने में महिलाएं पीछे ना रह जाएं. सरकार को इस तरह के प्रोत्साहन उपाय करने चाहिए ताकि नई इकोनॉमी में महिला उद्यमियों एवं प्रोफेशन्स का इंटीग्रेशन हो पाए.
गृहणी सुशीला दुबे का कहना है कि महिलाओं के लिए जितना जरूरी रसोई को मेंटेन करना होता है उतनी ही जरूरी है उनकी सुरक्षा. सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए कि महिलाओं के साथ हो रहे क्राइम को कंट्रोल किया जाए. महिलाओं के लिए ऐसी योजनाएं लागू की जाएं जिनका लाभ उन्हें प्रॉपर तरीके से मिल सके.