आगरालीक्स…324 दिनों में देश में एक करोड़ हुए कोरोना संक्रमित. 30 जनवरी को मिला था पहला केस. जानिए कैसे बढ़े संक्रमित
अब तक देश में इतने लोगों की हुई मौत
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या एक करोड़ के पार हो गई है. शनिवार सुबह जारी आंकडों के अनुसार देश में कोरोना संक्रमित अब 10,004,825 हो गए हैं. भारत दूसरा देश है जहां कोरोना संक्रमित का आंकडा एक करोड के पार है. इससे पहले अमेरिका है जहां 290 दिनों में कोरोना संक्रमित एक करोड के पार हो गए. भारत में इतने मरीज 324 दिनों में मिले हैं. देश में कोरोना संक्रमण से अब तक 145,171 लोगों की मौत हो चुकी है. मौतों के मामलों में भारत तीसरे नंबर पर है. अमेरिका में अब तक 320,845 तो ब्राजील में अब तक 185,687 लोग संक्रमण से अपनी जान गंवा चुके हैं.
16 करोड से ज्यादा की हुई जांच
देश में अब तक 16 करोड से ज्यादा लोगों की जांचें हो चुकी हैं. भारत के लिए राहत की बात ये हैं कि अन्य देशों की अपेक्षा हमारे देश में रिकवरी प्रतिशत काफी अच्छा है. एक करोड के पास संक्रमित लोगों में से अब तक 9,550,712 लोग इस संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं. देश में अब 308,942 ही एक्टिव केस हैं. ये एक्टिव केस दुनिया के नौ देशों से बेहतर है.
रिकवरी प्रतिशत कई देशों से बेहतर
भारत में रिकवरी प्रतिशत कई देशों से बेहतर है. भारत में अब तक 95.41% लोग इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं जबकि ब्राजील में 87%, रूस में 79.6%, अमेरिका में 58.4% लोग इस बीमारी से मुक्त हुए हैं. सबसे खराब स्थिति फ्रांस की है जहां अब तक केवल 7.5% मरीज ही ठीक हो पाए हैं.
30 जनवरी को मिला था पहला केस
भारत में कोरोना संक्रमण का पहला केस 30 जनवरी को केरल राज्य में मिला था. लेकिन इसके कुछ दिन बाद ही तीन और मरीज केरल में मिले थे, जिसके बाद ये संख्या लगातार बढती गई.
लॉकडाउन में मिली छूट तो बढे संक्रमित
देश में कोरोना की रफ्तार लॉकडाउन में छूट मिलने के बाद तेजी से बढी. लोगों की दिक्कतों और परेशानियों को समझते हुए सरकार ने लॉकडाउन 2 और लॉकडाउन 3 के बाद सामान खरीदने और जरूरी काम करने की छूट दी, जिसके बाद संक्रमण लगातार बढता गया.