आगरालीक्स …(Agra News 6th January 2022)आगरा में कोरोना के एक्टिव केस 303 पहुंचने पर 10 कॉलोनी हॉट स्पॉट घोषित। इन कॉलोनियों में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमित मरीज।
आगरा में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं। गुरुवार को कोरोना के 132 केस आए हैं, इसके साथ ही एक्टिव केस की संख्या 303 पहुंच गई है। इसमें से अधिकांश कोरोना संक्रमित मरीज घर पर ही इलाज करा रहे हैं, इन लोगों के संपर्क में आने वाले लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। इसलिए जिन क्षेत्रों में कोरोना के एक्टिव केस अधिक हैं, उन्हें हॉट स्पॉट घोषित किया गया है।

कमला नगर में सबसे अधिक कोरोना के एक्टिव केस
आगरा में कोरोना के सबसे अधिक एक्टिव केस कमला नगर में हैं, स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आगरा के कमला नगर में 9 एक्टिव केस हैं। कमला नगर को हॉट स्पॉट घोषित किया गया है, इस हॉट स्पॉट में नजर रखने के लिए शहरी स्वास्थ्य केंद्र हरीपर्वत पूर्वी की टीम को लगाया गया है। यहां की टीम कोरोना संक्रमित मरीजों पर नजर रखेगी, उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई और घर पर रहने के लिए कहा जाएगा।
आगरा के कोरोना के 10 हॉट स्पॉट
कमला नगर ए से लेकर एफ ब्लॉक
इम्प्रेस एन्क्लेव प्रताप पुरा
ज्योति कुंज
पुष्पांजलि बाग दयालबाग
शीतला धाम, बांकेबिहारी धाम, दयालबाग
दिल्ली गेट
पार्क व्यू रेजीडेंसी, शाहगंज
विभव नगर, शहीद नगर
सूर्य नगर
सप्तऋषि अपार्टमेंट
केंद्रीय मंत्री, सांसद, मेयर और विधायक कोरोना पॉजिटिव
आगरा में मंगलवार को मेयर नवीन जैन और विधायक योगेंद्र उपाध्याय कोरोना संक्रमित हुए। इसके बाद बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल में भी कोरोना की पुष्टि हो गई। गुरुवार को सांसद और भाजपा किसाना मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर की कोरोना की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है, बुखार आने पर उन्होंने कोरोना की जांच कराई थी। आगरा में चार जनप्रतिनिधि कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। ये चारो ही घर पर रहकर इलाज करा रहे हैं।