आगरालीक्स… आगरा में बैंड बाजे के बिना बारात और 100 लोगों के ही शामिल होने की बंदिश ने होश उडा दिए हैं, एक नया तरीका निकाला है।
आगरा में कोरोना के केस बढने पर शादी समारोह में 100 लोग सीमित कर दिए गए हैं, इसमें हलवाई से लेकर अन्य लोग भी शामिल हैं। इससे जिन घरों में शादी है, वे परेशान हैं, उन्होंने पहले ही कार्ड बांट दिए हैं, लोगों को आमंत्रित कर दिया है।
यह निकाला तरीका
जिन घरों में शादी है, उन्होंने एक तरीका निकाला है, वे शादी से एक दिन पहले कार्यक्रम कर रहे हैं। इस कार्यक्रम में 100 लोगों को आने के लिए कहा गया है, जिससे शादी वाले दिन 100 से ज्यादा लोगों की संख्या ना रहे। इसके लिए फोन पर पूछ रहे हैं कि शादी में कौन कौन आ रहा है, रिश्तेदारों को विकल्प दे रहे हैं कि चाहें तो वे एक दिन पहले भी आ सकते हैं।
बैंड बाजे से लेकर डीजे पर रोक
शादी समारोह में बैंड बाजा और डीजे पर रोक लगा दी गई है, इससे बैंड बाजे वालों का बडा नुकसान हुआ है। वहीं, जिन लोगों ने बैंड बाजे और डीजे बुक कर दिया था, कुछ पैसे दे दिए थे, उन्हें परेशानी हो रही है, जमा कराए गए पैसे वापस मिल पाएंगे इसे लेकर परेशान हैं।
पुलिस रखेगी नजर, महामारी एक्ट में मुकदमा
शादी के लिए संबंधित थाने में एक प्रार्थना पत्र देना है, इसके बाद पुलिस नजर रखेगी। शादी में संख्या 100 से अधिक होती है तो महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। इसे लेकर सख्ती करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुजुर्ग और बीमार ना जाएं
शादी समारोह में कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है, ऐसे में बुजुर्ग और बीमार शादी में शामिल ना हों, यह भी कहा जा रहा है।