आगरालीक्स…(21 May 2021 Agra) आगरा के बाह क्षेत्र स्थित चंबल सेंचुरी में छोड़े गए ढोर प्रजाति के 1200 नन्हे कछुए. राष्ट्रीय लुत्पप्राय प्रजाति दिवस पर किया ये काम…
1200 नन्हे कछुए चंबल में छोड़े गए
आज राष्ट्रीय लुप्तप्राय प्रजाति दिवस है. यह हर साल मई माह के तीसरे शुक्रवार को मनाया जाता है. इसको लेकर शुक्रवार को आगरा जनपद के बाह क्षेत्र से सटी चंबल नदी में संकटग्रस्त जलीय जीव ढोर प्रजाति के 1200 नन्हे कछुए वन विभाग कर्मचारियों द्वारा छोड़े गए हैं, जिससे इनके कुनबा में इजाफा हुआ है. दो महीने पूर्व कछुओं ने बालू के डेढ़ फीट गहरे गड्ढों में अंडे दिए थे. वन विभाग द्वारा जीपीएस से लोकेशन ट्रेस की गयी थी. शुक्रवार को वन विभाग की निगरानी में हैचिंग से जनमे ये सभी बच्चे नदी में पहुंचे. इसको लेकर वन विभाग का अमला उत्साहित नजर आया. बता दें कि राष्ट्रीय लुप्तप्राय प्रजाति दिवस का मुख्य उद्देश्य संकटग्रस्त वन्यजीवों के संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक करना है. चंबल नदी कई लुप्तप्राय वन्यजीवों का ठिकाना है. यहां वन्य जीवों के सरंक्षण के लिए वन विभाग की मुहिम के कारण ही तेंदुए और काले चितकबरे हिरन दौड़ रहे हैं.

