आगरालीक्स… आगरा में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज वेंटीलेटर पर है, देश में ओमिक्रॉन का कम्युनिटी स्प्रेड होने के साथ ही गंभीर मरीज बढ़ने लगे हैं, अभी और केस बढ़ सकते हैं।
आगरा में कोरोना पॉजिटिव 15 मरीज एसएन मेडिकल कॉलेज स्थित कोविड हॉस्पिटल में भर्ती हैं। इन मरीजों में से एक मरीज वेंटीलेटर पर है, उसे गंभीर हालत में भर्ती करने पर वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। पिछले कुछ दिनों से कोरोना संक्रमित गंभीर मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है इसे लेकर डॉक्टर भी अलर्ट हो गए हैं।

बेचैनी और घबराहट होने पर तुरंत कराएं जांच
कोरोना संक्रमित मरीज को बेचैनी और घबराहट हो रही है तो उसकी तुरंत जांच कराएं, डॉक्टर को दिखा दें। ये लक्षण कोरोना संक्रमित मरीजों की हालत बिगड़ने पर आ सकते हैं।
आज से घर घर जाकर सर्वे करेंगी आशा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में 24 जनवरी से 29 जनवरी तक कोविड-19 पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के लिए घर-घर स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचेगी। इसके लिए गुरुवार को जनपद में कई स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रशिक्षण दिया गया। इस अभियान में आशाएं डोर-टू-डोर जाएंगी और लोगों से उनके स्वास्थ्य का हाल पूछेंगी। यदि घर में किसी को कोविड संक्रमण के लक्षण होंगे तो उनका चिन्हांकन किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उनकी जांच की जाएगी और उन्हें मेडिसिन किट दी जाएगी।
सीएमओ ने बताया कि घर-घर सर्वे के दौरान दो वर्ष के बच्चों के रूटीन टीकाकरण की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की जानकारी ली जाएगी। 60 वर्ष से अधिक उम्र के उन लोगों की लिस्ट भी बनाई जाएगी, जिन्होंने कोविड टीके की प्रथम या द्वितीय डोज नहीं लगवाई है।