आगरालीक्स…(16 February 2022 Agra News) #आगरा की एक कॉलोनी में 5 दिन में 17 कुत्तों की मौत हो गई है. सभी के मुंह से निकला झाग. पुलिस अब इस मामले में मुकदमा दर्ज किया है…
आगरा की एक कॉलोनी में कुत्तों की हो रही मौत ने क्षेत्र के रहने वाले लोगों को परेशान कर दिया है. मामला थाना एत्माद्दौला के कालिंदी विहार की कॉलोनी शिवानी धाम द्वितीय का है. इस कॉलोनी में पिछले पांच दिन से 17 कुत्तों की मौत हो चुकी है. कॉलोनी में रहने वाले कुत्तों के सीरियल किलिंग की आशंका जता रहे हैं. इसको लेकर अब थाना एत्माद्दौला में मुकदमा भी दर्ज किया गया है. पुलिस इस मामले में कुत्तों की मौत की छानबीन कर रही है.

शिवानी धाम द्वितीय की कॉलोनी में रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां कॉलोनी और उसके आसपास करीब तनी दर्जन से अधिक कुत्ते हैं. ये कुत्ते रात में किसी अजनबी के दिखाई देने पर भौंकते हैं और लोगों को सतर्क भी करते हैं. लेकिन रविवार से यहां के कुत्तों के मरने का सिलसिला लगातार बना हुआ है. सबसे पहले अलग—अलग स्थान पर सात कुत्तों की मौत हो गई. सभी के मुंह से झाग निकल रहे थे. आशंका जताई गई कि किसी ने खाने में जहर मिला दिया है. लोग इस मामले को समझने का प्रयास कर ही रहे थे कि सोमवार को तीन और कुत्तों को मरा हुआ पाया गया और इनकी भी मौत एक जैसी थी, इससे लोगों का शक यकीन में बदल गया कि कोई इन कुत्तों को जहर देकर मार रहा है. बुधवार तक यहां 17 कुत्तों की मौत हो चुकी है और सभी की मौत का तरीका लगभग एक जैसा है.
इस मामले में कालिंदी विहार के रहने वाले दिलीप खत्री ने तहरीर दी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. सीओ छत्ता दीक्षा सिंह का कहना है कि कुत्तों की मौत की जांच की जा रही है. बुधवार को हेल्पलाइन की एक गाड़ी यहां से एक कुत्ते को इलाज के लिए अपने साथ ले गई है.