आगरालीक्स ….आगरा में सोमवार को नुनिहाई क्षेत्र स्थित अंकुर जैन के घी के गोदाम पर अभिहीत अधिकारी डॉ. श्वेता सैनी ने टीम के साथ छापा मारा। चार टैंकर घी से भरे मिले। इसके अलावा 15 किलोग्राम के घी से भरे पांच हजार टिन मिले। साथ ही बडे़ पैमाने पर ब्रांडेड घी भी मिला।
घी से भरे मिले चारों टैंकर और 17450 किग्रा घी को सीज करने की कार्रवाई की गई है। इसकी कीमत 74 लाख 16 हजार से अधिक बताई गई है। पामोलिन के तकरीबन 500 खाली टिन मिले। इसलिए घी में पाम ऑयल की मिलावट करने की आशंका है। अंकुर जैन के शहर में घी के कई प्रतिष्ठान हैं। नुनिहाई के गोदाम पर करीब तीन माह पहले भी छापे की कार्रवाई हु़ई थी। डॉ. श्वेता सैनी का कहना है कि नमस्ते इंडिया, ज्ञान और मनोहर समेत कई बडे़ ब्रांड का घी मिला है। आशंका है कि यहां बडे़ ब्रांड के घी की नई पैकिंग तैयार की जाती थी। गोदाम मालिक रजिस्ट्रेशन के कागजात भी नहीं दिखा पाए। मांगने पर दूसरी यूनिट का पंजीकरण दिखाया था।
14 अक्टूबर 2016 को पकडी गई थी फैक्ट्री
नकली घी बनाने वाले फैक्ट्री पकडी गई है, इसमें एक दो नहीं 825 क्विंटल तैयार नकली घी सीज किया गया है। सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
गुरुवार को एफएसडीए की टीम ने फाउंड्रीनगर के गोकुल नगर स्थित श्री बिहारी जी फूड इंडस्ट्रीज के यहां छापा मारा। यहां घी तैयार किया जा रहा था। अभिहीत अधिकारी विनीत कुमार के मुताबिक फैक्ट्री में वनस्पति, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और एसेंस मिलाकर घी तैयार किया जा रहा था। फैक्ट्री के संचालक लंगड़े की चौकी निवासी अनिल अग्रवाल हैं।
टीम ने मौके से बरामद चार क्विंटल वनस्पति, तीन हजार लीटर रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, एक कुंटल 525 किलोग्राम तैयार नकली घी को सीज किया। इसके अलावा घी, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, एसेंस के सैंपल लिए। इनको जांच के लिए लैब में भेजा जा रहा है। छापा मारने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र यादव, स्वशंख, विवेक मौर्य शामिल रहे।
घी का बड़ा कारोबार
जिले में अखाद्य तेल और घी का बड़ा कारोबार चल रहा है। एफएसडीए के अभियान में लगातार मामले पकड़े जा रहे हैं। चार अक्तूबर को जीवनी मंडी धर्मकांटा के सामने स्थित कृष्णा ऑयल ट्रेडर्स के यहां आठ टन कलर्ड ऑयल (अखाद्य तेल) पकड़ा गया था। फर्म को सीज कर दिया और तेल के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा गया है। इसके अलावा अन्य कई फर्मों पर कार्रवाई की गई।