आगरालीक्स…. आगरा में एक और ओमिक्रॉन का केस मिला, 21 साल की युवती में ओमिक्रॉन की पुष्टि, 10 दिन में 53 गुना बढ़े मरीज, 40 बच्चे भी कोरोना संक्रमित।
आगरा में कोरोना के केस लगातार बढ़ रहे हैं, बीते 10 दिन में कोरोना के केस 53 गुना बढ़ गए हैं। अब 200 से अधिक कोरोना के केस मिल रहे हैं। कोरोना के नए मरीजों में हर उम्र के लोग हैं।

आगरा में कोरोना की तीसरी लहर में मिला ओमिक्रॉन और डेल्टा वैरिएंट
आगरा में कोरोना की तीसरी लहर में दो मरीजों में ओमिक्रॉन और दो में डेल्टा वैरिएंट मिल चुका है। इसमें से ओमिक्रॉन वैरिएंट का संक्रमण तेजी से फैल रहा है जबकि डेल्टा वैरिएंट कोरोना की दूसरी लहर में कहर बरपा चुका है।
बच्चे भी हो रहे संक्रमित, 40 में पुष्टि
कोरोना के नए केस में बच्चे भी हैं। अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए 10 बच्चे कोरोना संक्रमित मिले हैं। आगरा में अभी तक कोरोना की चपेट में 40 बच्चे आ चुके हैं राहत है कि बच्चों में मामूली लक्षण हैं, इसलिए कोई परेशानी नहीं हो रही है।
आगरा में एक्टिव केस 1230
आगरा में कोरोना के केस हर रोज बढ़ रहे हैं अब आगरा में कोरोना के एक्टिव केस 1230 हो गए हैं। सोमवार को कोरोना के 260 केस मिले थे।
आगरा में जिम, स्वीमिंग पूल बंद
आगरा में कोरोना के एक्टिव केस 1230 हो गए हैं, इसके साथ ही कई तरह की पाबंदी लगा दी गई हैं। आगरा में जिम और स्वीमिंग पूल बंद कर दिए गए हैं। रेस्टोरेंट, सिनेमाहॉल अब 50 फीसद क्षमता के साथ ही खुल सकेंगे। सरकारी कार्यालयों में 50 फीसद कर्मचारी ही बुलाए जाएंगे।