आगरालीक्स… आगरा में डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि एनकाउंटर के डर से दहशत में 5 हजार से ज्यादा अपराधी जमानत निरस्त कराकर जेल चले गए हैं। उन्होंने आगरा के नो हेलमेट अभियान को सराहते हुए कहा कि पूरे प्रदेश अभियान का इसी तरह से क्रियान्वयन किया जाएगा।
रविवार सुबह 11 बजे डीजीपी ओपी सिंह आगरा पहुंचे, यहां उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ मुलाकात की। यहां पुलिस लाइन में हॉल का शुभारंभ किया, इसके बाद पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि पिछले 11 महीने में नई सरकार आने के बाद क्राइम पर अंकुश के साथ ही अपराधी भी दहशत में हैं। कहा कि पिछले साल होली पर 97 बडी घटनाएं हुई थी, इस बार महज 14 घटनाएं हुई हैं।
43 एनकाउंटर हुए
डीजीपी ओपी सिंह ने कहा कि प्रदेश में पिछले 11 महीने में 43 एनकाउंटर हुए हैं। इसमें 50 हजार से एक लाख रुपये के ईनामी बदमाश शामिल हैं। आलम यह है कि अपराधी एनकाउंटर की दहशत से जमानत निरस्त कराकर जेल जा रहे हैं। अभी तक 5409 अपराधियों ने जमानत निरस्त कराई है और जेल चले गए हैं।
हेलमेट अभियान को सराहा
डीजीपी ओपी सिंह ने आगरा में नो हेलमेट, नो एंट्री अभियान को जिस तरह से लागू किया गया है उसे सराहा। कहा कि प्रदेश में भी आगरा मॉडयूल लागू कराया जाएगा। आगरा में हेलमेट अभियान की शुरूआत एसएसपी अमित पाठक ने पुलिस महकमे से की थी, पहले पुलिस कर्मियों को हेलमेट लगवाया। इसके बाद सरकारी कार्यालयों में हेलमेट की अनिवार्यता की। तीसरे चरण में आम लोगों को हेलमेट लगाने के लिए जागरूक किया, हेलमेट के बिना वाहन चलाते पकडे जाने पर एक से दो किलोमीटर बाइक के साथ पैदल चलवाया, इसके साथ ही चालान भी काटे गए।