आगरालीक्स ..(Agra News 16th July).आगरा में सपा के प्रदर्शन में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने के आरोप में पांच अरेस्ट, सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा पुलिस द्वारा अरेस्ट किए गए पांच युवकों में से एक भी सपा का कार्यकर्ता नहीं।
आगरा में गुरुवार को सपा ने महंगाई के विरोध में सदर तहसील में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद नारे लगाते हुए कार्यकर्ता वापस लौट गए। गुरुवार रात को वीडियो वायरल हुआ, वीडियो में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाते हुए युवकों की आवाज सुनाई दे रही थी। इसमें सपा महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार भी दिखाई दे रहे थे।
पांच युवकों को किया अरेस्ट
इस मामले में नाई की मंडी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने महामारी अधिनियम, धारा 144 के उल्लंघन, धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित अन्य धाराओं में पांच नामजद सहित 20 25 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने सुल्तानगंज की पुलिया निवासी पंकज सिंह, आरिफ खान, चंद्रप्रकाश, दीपक वाल्मीकि और मधुकर सिंह को अरेस्ट कर लिया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद का मीडिया से कहना है कि प्रारंभिक जांच में पंकज सिंह द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाना सामने आया है, उसके समर्थन में अन्य लोगों ने जिंदाबाद जिंदाबाद कहा है, इसकी अभी जांच चल रही है। पांच अरेस्ट कर लिए गए हैं, अन्य को भी पकडने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कोई भी सपा कार्यकर्ता नहीं
सपा के महानगर अध्यक्ष वाजिद निसार का कहना है कि पुलिस द्वारा अरेस्ट किए गए पांच युवकों में से कोई भी सपा का कार्यकर्ता नहीं है। किसी भी सपा कार्यकर्ता ने ऐसे नारे नहीं लगाए हैं।