आगरालीक्स …आगरा में भीषण हादसे में पांच की मौत हो गई, ये जानें बच जातीं, परिजनों का आरोप है एक घंटे बाद पुलिस पहुंची, एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई और एसएन में इलाज नहीं मिला। इसे लेकर परिजनों ने हंगामा किया। वहीं, हादसे में पांच की मौत से कोहराम मचा हुआ है।
सोमवार को आगरा जयपुर हाईवे से गांव जाजऊ, फतेहपुर सीकरी निवासी विजयपाल के परिवार की तकरीबन 30 महिलाएं ट्रैक्टर ट्राली से बिचपुरी गमी में गए थे, बिचपुरी में विजय पाल के साले की पत्नी की मौत हो गई थी, वहां गमी में शामिल होने के बाद दोपहर में ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। जयपुर हाईवे पर महुअर पुल पर पीछे से तेज गति से आती एक रोडवेज बस ने ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर ट्राली के अगले पहिये में टक्कर मार दी। इससे ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पुल से करीब 30 फुट गहरी खाई में जा गिरी। बस को लेकर चालक फरार हो गया।
हादसे में ट्राली के नीचे 15 से अधिक महिलाएं दब गईं। चीखपुकार मचने पर ग्रामीण बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में माया (48) पत्नी राजवीर, कमलेश (45) पत्नी जयपाल, केला (45) पत्नी तोरन सिंह और राजीवीरी पत्नी सौदान सिंह की मौत हो गई।
एक घंटे बाद पहुंची पुलिस, एंबुलेंस खराब, नहीं मिला इलाज
लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद डायल-100 पर कई बार सूचना दी गई, लेकिन एक घंटे बाद पुलिस पहुंची। ट्रॉली के नीचे महिलाएं दबी हुईं थी, उन्हें निकालने के लिए क्रेन बुलाई गई, इसमें भी समय लग गया। घायलों को एंबुलेंस से एसएन भेजा गया, एक एंबुलेंस रास्ते में खराब हो गई। एसएन पहुंचे घायलों को इलाज नहीं मिला, यहां 20 से अधिक घायल पहुंचे लेकिन इमरजेंसी में कोई इंतजाम नहीं थे, घायलों को निजी अस्पताल में ले जाना पडा। आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया, उनका कहना था कि समय से राहत कार्य शुरू होने के बाद इलाज मिलने पर महिलाओं की जान बच सकती थी।