आगरालीक्स.. आगरा में गर्मी का रिकॉर्ड टूट सकता है, 46 6 डिग्री तापमान पहुंच चुका है, ट्रेन के स्लीपर कोच में गर्मी से तीन की मौत हो गई, रेड अलर्ट करते हुए धूप में बाहर निकलने से मना किया जा रहा है।
आगरा में सोमवार को तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस सीजन का यह सबसे गर्म दिन रहा। वहीं, पांच सालों में 10 जून का तापमान का रिकॉर्ड भी टूट गया। इससे पहले 2016 में 10 जून को 46.3 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
21 दिन से 41 डिग्री से ज्यादा है तापमान
20 मई 2019 से अधिकतम तापमान 41 डिग्री से ऊपर है। इतने दिनों से लगातार तापमान बढ़ा रहने से गर्मी से लोग परेशान हैं। इस बीच कई बार पारा 45 डिग्री को पार कर चुका है।
स्लीपर कोच के यात्रियों की मौत
सोमवार को केरला एक्सप्रेस में ग्वालियर से झांसी के बीच हालत बिगड़ने पर 3 यात्रियों की मौत हो गयी जबकि एक बीमार हो गया।
सोमवार शाम केरला एक्सप्रेस करीब 4 बजे ग्वालियर पहुंची, तभी ट्रेन के एस-8 और एस-9 कोच में कुछ यात्रियों को गर्मी के कारण घबराहट होने लगी। उनके साथी यात्री इस बात की सूचना रेलवे स्टेशन पर देते, उसके पहले ही ट्रेन झांसी के लिए रवाना हो गई। जब ट्रेन डबरा-झांसी के बीच थी, तभी ट्रेन में सवार 5 लोगों की तबियत बिगड़ी। इसकी सूचना रेलवे अधिकारियों को दे दी गई। ट्रेन जैसे ही झांसी पहुंची, तो रेलवे चिकित्सक डॉ. भरत कुशवाहा ने पहुंचकर यात्रियों का चेकअप किया। इस दौरान गर्मी के कारण एस-8 कोच में कोल्लिमलाई जिला निलगिरी तमिलनाडु निवासी पाचीयप्पा के. बुन्दर पालानीसामी (80), ओट्टूपट्टाराई द-नीलग्राश थाना कोन्नूर तमिलनाडु बालाकृष्णन रामास्वामी (69) तथा एस-9 कोच में यात्र कर रहे कृष्णा अम्मा राजापुरम् मोड़ी कोयम्बटूर निवासी धीवानाई (71)की मौत हो गई। उट्टी कैन्नूर निवासी सुबरय्या (87) की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों यात्रियों की मौत गर्मी से उल्टी-दस्त होने से बतायी जा रही है।