आगरालीक्स.( News 12th February 2022)... एकादशी पर ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए उमड़ी भीड़, एक श्रद्धालुओं की मौत।
शनिवार को ठाकुर बांके बिहारी मंदिर, वृन्दावन मथुरा में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। ऐसे में शनिवार को एकादशी होने से श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ गई। मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी लाइन लगी रही, ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़ अधिक होने से तबीयत बिगड़ने लगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोपहर 12 बजे मंदिर के गेट संख्या चार से प्रवेश के लिए भीड़ में फंसे एक श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ गई, तबीयत बिगड़ने से वे गिर पड़े। श्रद्धालुओं ने उन्हें संभाला, सुरक्षाकर्मी आ गए, उन्हें बाहर निकाल कर लाए। यहां से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

एकादशी पर करने आए थे दर्शन
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक 65 साल के आनंद लोक मथुरा निवासी लक्ष्मण सिंह हैं, वे एकादशी पर दर्शन करने के लिए ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में आए थे। भीड़ अधिक होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। डॉक्टरों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक लग रहा है।
वीकएंड पर उमड़ती है श्रद्धालुओं की भीड़
ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में वीकएंड पर शनिवार और रविवार को दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए व्यवस्थाएं की गई हैं लेकिन भीड़ अधिक होने पर संभालना मुश्किल हो रहा है। बुजुर्ग श्रद्धालुओं की भीड़ में खड़े रहने से तबीयत बिगड़ने लगती है।