आगरालीक्स…मामूली झगड़े में 8 महीने के मासूम को गोद से छीनकर सड़क पर फेंक दिया. बच्चे की मौत. क्या ये मामला यूक्रेन—रूस की लड़ाई से कम संवेदनशील है???
यूक्रेन और रूस में इस समय युद्ध छिड़ा हुआ है. दुनिया में लोग इस वॉर को रोकने की प्रार्थना कर रहे हैं. शांति की अपील की जा रही है लेकिन युद्ध अभी भी जारी है. सैकड़ों बेगुनाहों की जान इसमें चली गई है…ये तो खैर विश्व की बात हो गई, जहां हर किसी की नजर है. लोग इस युद्ध को काफी संवेदनशील भी बता रहे हैं लेकिन आगरा मंडल के मैनपुरी जिले में तो मामूली लड़ाई में 8 महीने के मासूम को मौत के घाट उतार दिया गया, क्या ये मामला संवेदनशीलता में कम है.

ये है पूरा मामला
मामला मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र का है. यहां के गांव कनकपुर सादा में ताश खेलने को लेकर गांव के ही अनिल ने सत्यवीर नाम के युवक की पिटाई कर दी. सत्यवीर के भाई धर्मवीर मारपीट की शिकायत करने अनिल के घर गया. धर्मवीर के साथ उसकी पत्नी मनीषा व मनीषा की गोद में आठ महीने का कार्तिक भी साथ था.
धर्मवीर व उसकी पत्नी मनीषा का आरोप है कि यहां पहुंचने के बाद अनिल व उसकी पत्नी आशा अभद्रता करने लगे. गुस्से में आकर आशा ने मनीषा की गोद से कार्तिक को छीन लिया और उसे सड़क पर फेंक दिया. इससे कार्तिक गंभीर रूप से घायल हो गया. बच्चे के परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे लेकिन यहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पुलिस को दी गई तो प्रभारी निरीक्षक नरेंद्रपाल सिंह भी मौके पर पहुंच गए. उन्होंने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. दोनों आरोपी अभी फरार बताए गए हैं. पुलिस इनकी तलाश कर रही है.