आगरालीक्स….(3 November 2021 Agra News) आगरा वायु प्रदूषित शहरों में छठवें नंबर पर. शहर में सबसे ज्यादा इन इलाकों की है हवा खराब
दीपावली के त्योहार पर आगरा शहर की हवा प्रदूषित हो गयी है। शहर की हवा इतनी खराब हो गयी है कि आज बुधवार सुबह वायु प्रदूषण के हिसाब से देश में आगरा छठवें स्थान पर था। वायु प्रदूषण के हिसाब से टॉप टेन शहरों में उत्तर प्रदेश के सात स्थान शामिल हैं। इनमें लोनी, नोएडा, डासना (गाजियाबाद), बडौत (मेरठ) शामिल हैं। आगरा के तो दो इलाके भी टॉप टेन सूची में शामिल हो गये हैं। आज सुबह मापे गये एक्यूआई के मुताबिक दयालबाग सातवें और आवास विकास कालोनी आठवें स्थान पर थी।
शहर के कई इलाकों में तो हवा श्वांस लेने लायक भी नहीं रही है। आज सुबह शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 303 था जोकि मानक के स्तर से खतरनाक की श्रेणी में आता है। 311 एक्यूआई के साथ आवास विकास कालोनी की हवा सबसे ज्यादा खराब थी। शास्त्रीपुरम, संजय प्लेस, ताजमहल (शाहजहां गार्डन), दयालबाग की हवा की हवा में सबसे ज्यादा धूल के कण शामिल रहे।
शहर के जिन इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स का ग्राफ बढ़ गया है, वहां गाइडलाइंस का पालन करने की सलाह दी जा रही है। वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है लेकिन बचाव के लिए शासन द्वारा अभी तक कोई कदम नहीं उठाए गये हैं। न तो सड़कों पर छिड़काव किया जा रहा है और निर्माण स्थलों को ढका जा रहा है जिससे धूल उड़ रही है और उसके कण हवा में घुलकर उसे प्रदूषित कर रहे हैं। दीपावली के त्योहार पर इस बार पटाखों की बिक्री सीमित की गयी है। इस कारण पटाखे कम ही चल रहे हैं। पटाखे केवल दीपावली के दिन ही चलाए जा सकेंगे। उप्र वायु प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड ने दीपावली सहित अगले तीन दिन तक शहर की हवा में प्रदूषण बना रहने की भविष्यवाणी की है।