आगरालीक्स…(5 November 2021 Agra News) आगरा में दिवाली की बाद आग लगने की घटनाएं आई सामने. शुक्रवार सुबह तीन स्थानों में लगी आग, तीनों स्थान ही शहर में
आगरा में दिवाली के बाद आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं. शुक्रवार सुबह तीन स्थानों आग लगी. इनमें आगरा के रेनबो हॉस्टिपल के सामने टायर गोदाम और थाना हरीपर्वत व थाना एत्माद्दौला अंतर्गत फर्नीचर गोदाम में आग लग गई. हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है लेकिन नुकसान काफी हुआ है.
टायर गोदाम में सुबह छह बजे लगी आग
जानकारी के अनुसार आगरा—दिल्ली हाइवे स्थित थाना सिकंदरा के रेनबो के सामने टायर गोदाम है. यहां पर नये और पुराने टायरों का काम किया जाता है. बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे कुछ लोगों ने गोदाम के अंदर से धुआं निकलते हुए देखा. इसकी जानकारी गोदाम स्वामी राहुल अग्रवाल व पुलिस को दी गई. सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गई. लेकिन तब तक आग काफी विकराल हो चुकी थी. दमकल की कई गाडियों ने करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया. आग लगने का कारण आतिशबाजी की चिंगारी बताई गई है.
दो फर्नीचर गोदाम में भी लगी आग
इधर जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह दो फर्नीचर गोदाम में भी आग लगने की सूचना मिली. वाटरवक्र्स स्थित किया लाल मस्जिद पर बंटी अग्रवाल का फर्नीचर का गोदाम है. यहां पर सुबह चार बजे आग लग गई. पड़ोसियों ने इसकी सूचना दी. फायर ब्रिगेड के साथ गोदाम स्वामी भी आ गए. आग से गोदाम की छत भी गिर गई और सारा फर्नीचर जल गया. यहां भी करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया गया. इसके अलावा थाना एत्माद्दौला अंतर्गत प्रकाश नगर में भी एक फर्नीचर गोदाम में रात करीब दो बजे आग लग गई. गोदाम स्वामी गुलजार हैं. दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया.