स्पोटर्सलीक्स…विराट कोहली को आज अपने जन्मदिन पर विराट जीत के तोहफे की उम्मीद. स्काटलैंड से मैच आज शाम को…
भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली का आज जन्मदिन है। टीम के सदस्य आज यूएई में चल रहे विश्वकप में स्कॉटलैंड के साथ मैच में विराट जीत का तोहफा देना चाहते हैं। वहीं विराट भी यादगार पारी खेलकर जन्मदिन को विशेष बनाना चाहेंगे।
विश्व के शानदार बल्लेबाजों में शुमार विराट कोहली आज पांच नवंबर को 33 साल के हो गए। वह आजकल यूएई में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, जहां पाकिस्तान और न्यूजीलैंड से पहले दो मैच हारने के बाद सेमीफाइनल में खेलने के लिए बड़े अंतर से मैच जीतने के प्रयास में भारतीय टीम लगी हुई है। अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने इस दिशा में कुछ सफलता हासिल की थी और अब जब आज कोहली का जन्मदिन और स्कॉटलैंड के साथ मैच एक साथ पड़ रहा है तो टीम इंडिया भी कोहली को विराट जीत का तोहफा देना चाहेगी। हालांकि टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा ने भी अफगानिस्तान के मैच के बाद कहा था कि अगले दो मैच और बड़े अंतर से जीतने का प्रयास करेंगे। उल्लेखनीय है कि विश्वकप के बाद कोहली टीम इंडिया की टी-20 की कप्तानी भी छोड़ देंगे।