आगरालीक्स…(11 November 2021 Agra News) आगरा में प्रदूषण को रोकने के लिए बना था एक्शन प्लान. लेकिन शहर में चल रहे निर्माण कार्यों पर इसका कोई असर नहीं. चारों तरफ उड़ रही है धूल…
जहरीली हुई हवा से जन स्वास्थ्य को खतरा बढ़ा
प्रदूषण के कारण शहर की जहरीली हुई हवा से जन स्वास्थ्य को खतरा पैदा हो गया लेकिन इसकी रोकथाम के लिए अभी तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गये हैं। न तो शहर में ट्रकों का प्रवेश रोका गया है और न ही निर्माण कार्यों पर रोक लगायी गयी है। शहर की हवा पिछले छह दिन से जहरीली बनी हुई है। पिछले दो दिन से तो हवा में प्रदूूषण इतना अधिक बढ़ गया है कि शहर की हवा देश में सबसे ज्यादा प्रदूषित हो गयी है।
एक्शन प्लान बेअसर
शहर की हवा को प्रदूषण से रोकने के लिए बनाए गए एक्शन प्लान के मुताबिक निर्माण कार्यों पर तत्काल रोक लगायी जानी चाहिए। शहर में बड़े पैमाने पर सरकारी कार्य चल रहा हैं लेकिन निर्माण स्थलों पर कहीं भी अहतियातन कदम नहीं उठाए गये हैं। प्रशासन ने निर्माणदायी संस्थाओं को नोटिस जारी करते हुए धूल उड़ने से रोकने के लिए व्यवस्थाएं करने के आदेश जारी किये थे। निर्माण स्थल को चारों तरफ से हरे कपड़े से कवर किया जाना था तथा दिन में तीन बार छिड़काव होना था ताकि धूल न उड़ सके लेकिन ऐसा नहीं हो सका है। निर्माण स्थलों से लगातार धूल उड़ रही है।
खुदी पड़ी हैं सड़कें
शहर में आवास विकास कालोनी की हवा सबसे ज्यादा खराब है। वहां गंगाजल परियोजना, सीवर खुदाई के कारण धूल उड़ रही है। आसपास के इलाके सड़कें खुदी पड़ी हैं। खुदाई के बाद सड़कों को खुला छोड़ दिया गया है। वहां न तो पानी का छिड़काव हो रहा है और न ही निर्माण कार्यों को पूरा किया जा रहा है। शास्त्रीपुरम इलाका भी इसी कारण प्रभावित है। यहां भी खुदी पड़ी सड़कों की धूल उड़ रही है।
स्मार्ट सिटी के काम चल रहे हैं
बात यदि ताजमहल के आसपास की करें तो वहां स्मार्ट सिटी और मेट्रो के कार्य चल रहे हैं। न तो कार्यस्थलों को ढका जा रहा है और न ही पानी का छिड़काव किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत कराये जा रहे कार्यों के तहत लाल पत्थरों की घिसाई की जा रही है जिससे धूल के कण उड़ रहे हैं। कार्य के लिए जेनरेटर भी चलाए जा रहे हैं जो धुआं उगल रहे हैं। इसी तरह आईएसबीटी पर बन रहे फ्लाईओवर के कारण धूल रही है। यह कुछ जगह पर हरा कपड़ा बांधा गया है लेकिन छिड़काव नहीं किया जा रहा है।