आगरालीक्स…(29 November 2021 Agra News) शादी की खुशी में दो पैग पी गया दूल्हा. फेरे लेने से पहले आ गए चक्कर. फिर क्या था रातभर चली पंचायत…बाराती बोले—लेने के देने पड़ गए..जानिए शादी हुई या नहीं…
फतेहाबाद रोड स्थित मैरिज होम में थी शादी
आगरा की एक शादी में अजीब हालात पैदा हो गए. फतेहाबाद रोड स्थित एक शादी समारोह में उस समय हड़कंप मच गया जब फेरे लेने से पहले ही दूल्हा चक्कर खाकर गिर गया. दुल्हन पक्ष ने समझा कि मिर्गी का दौरा पड़ गया लेकिन असल में वो नशे में था, क्योंकि शादी की खुशी में उसके दोस्तों ने उसे दो पैग पिला दिए थे. इधर दूल्हन को जब इस बात का पता चला तो उसने शादी करने से इनकार कर दिया. यही नहीं बारात को बंधक बना लिया गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों को समझा—बुझाकर शांत कराया. हालांकि शादी नहीं हुई और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ गया.
पूरा मामला कुछ ऐसा है कि फतेहाबाद रोड स्थित एक मैरिज होम में शादी थी. तय समय पर बारात आ गई. घरातियों ने बारातियों का दिल खोलकर स्वागत किया. खाना पीना भी चल रहा था. रात को फेरे लेने का टाइम हो रहा था कि अचानक खबर मिली कि दूल्हे को मिर्गी का दौरा पड़ गया है. इससे बारातियों के साथ घरातियों में भी हड़कम्प मच गया. दुल्हन पक्ष के लोग वहां पर आ पहुंचे. आक्रोशित दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे पक्ष के लोगों को एक कमरे में बंद कर लिया. इधर बारात बंधक बनाए जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने पूरी छानबीन की तो पता चला कि दूल्हे को उसके ही दोस्तों ने शादी की खुशी में दो पैग पिला दिए थे, जिसके कारण वो नशे में हो गया और चक्कर खाकर गिर गया. इधर दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया.
रातभर पंचायत चली लेकिन कोई हल नहीं निकला. आखिरकार दूल्हे पक्ष के लोगों को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ गया. सूचना पर पहुंची पुलिस का कहना है कि दुल्हन पक्ष की ओर से 25 लाख रुपये वापस देने की मांग की जा रही थी लेकिन दूल्हा पक्ष 12 लाख देने को तैयार था, बात नहीं बनी. किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है. दोनों ने समझौता करने के लिए दो दिन का समय मांगा है.