आगरालीक्स…(6 December 2021 Agra News) आगरा में बेटे के निकाह में खुला पिता के दूसरे निकाह का राज. दूसरी पत्नी से दो बच्चे भी. पहली पत्नी ने बच्चों के साथ बोला घर पर हमला…मुकदमा दर्ज
जगदीशपुरा में चौंकाने वाला मामला
आगरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. थाना जगदीशपुरा में बेटे के निकाह में उसके पिता के दूसरे निकाह का राज खुल गया. पहली पत्नी और बच्चों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पिता की दूसरी पत्नी और बच्चों को बुरी तरह से पीट डाला. यही नहीं उसे बचाने आए पड़ोसियों की भी पिटाई कर दी. इसमें कई लोग घायल हो गए. दूसरी पत्नी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने दो को अरेस्ट भी किया है.

पढ़ें पूरा मामला
आगरा के बोदला में अली मोहम्मद रहते हैं. उनकी पत्नी मोसिमा से तीन बेटे और दो बेटियां हैं. दोनों बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है. तीन दिन पहले अली के दूसरे बेटे का निकाह चल रहा था. शादी में एक महिला मरियम और उसके बेटे और बेटियां भी पहुंंची. यहां मामला कुछ ऐसा हुआ कि पिता के दूसरे निकाह का राज खुल गया. दरअसल शादी में पहुंची महिला मरियम अली की दूसरी पत्नी थी जिससे उसने करीब दस साल पहले निकाह किया था. अली चुपचाप उनसे मिलने जाया करता था. घर में इसकी किसी को जानकारी नहीं थी. मरियम से उसके दो बच्चे हैं. वह जय नगर में रहती है.
जब इसकी जानकारी अली की पहली पत्नी और बच्चों को हुई तो उनमें इसको लेकर गुस्सा फैल गया. शनिवार रात को ये लोग अली की दूसरी पत्नी मरियम के घर पहुंच गए. आरोप है कि यहां उन्होंने सभी की पिटाई करना शुरू कर दिया. बताया जाता है कि इस दौरान मरियम को बचाने के लिए पड़ोसी भी आए तो उन्होंने पड़ोसियों पर भी हमला कर दिया. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने यहां से अली की पहली पत्नी से दो बेटियां रेशमा और रुकसार को अरेस्ट किया है. मरियम की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.