
विहिप के महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर की हत्या के बाद माहौर समाज के लोग सोमवार को चित्रा टॉकीज से सेंट जोंस चौराहे तक श्रदृधांजलि रथ यात्रा निकालने के लिए सुबह से एकत्रित हो गए। चित्रा टॉकीज से रथ यात्रा को पुलिस ने आगे नहीं बढने दिया। इसे लेकर विहिप नेता और माहौर समाज के लोगों की पुलिस से नोंकझोक भी हुई। समाज के लोगों की संख्या कम होने से ज्यादा विरोध नहीं हो सका। रथ यात्रा निकालने के लिए दोपहर 12 30 बजे माहौर समाज के लोग धरने पर बैठ गए। कापफी देर तक हंगामे और हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद लोगों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
आगरा में गुरुवार (25 फरवरी) को विहिप के महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर की बीच बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रविवार (28 फरवरी) को जयपुर हाउस में शोक सभा आयोजित की गई। साध्वी प्राची के शोक सभा में शामिल होने से मामला गर्मा गया, लेकिन उन्हें मंच पर जगह नहीं दी गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शोक सभा में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ राम शंकर कठेरिया ने कहा कि ‘हमें खुद को ताकतवर बनाना होगा। जंग छेड़नी होगी। ऐसा नहीं किया तो कल दूसरा साथी भी खोना पड़ेगा।’ “ये हत्यारे चले ही जाएं, इस प्रकार की ताकत हमें दिखानी होगी।” फतेहपुर से बीजेपी सांसद बाबू लाल भी शामिल हुए। स्पीच देने वालों ने कहा कि अरुण की मौत का बदला लिया जाएगा।
भड़काऊ भाषण मामले में चिन्हित किए जा रहे नेता
जयपुर हाउस में अरुण माहौर की शोकसभा में नेताओं ने भड़काऊ भाषण दिए थे, इस मामले में भाजपा नेत्री कुंदनिका शर्मा, विहिप नेता अशोक लवानियां, प्रशांत चौधरी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो से अन्य नेताओं को चिन्हित किया जा रहा है, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
Leave a comment