आगरालीक्स…(14 December 2021 Agra News) आगरा में भाजपा के इस वीडियो पर सपा ने बोला हमला.. कहा—गरीबों को राशन देने के नाम पर वोट मांगने के लिए किया जा रहा यह निंदनीय कार्य….आप भी देखें वीडियो
बाह से अरिदमन सिंह का वीडियो हुआ है वायरल
विधानसभा चुनावों का शोर हर ओर है. हर पार्टी अपनी अपनी तरह की राजनीति कर रही है. कई वादे कर वोटरों को लुभाने के प्रयास किए जा रहे हैं तो वहीं राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप करने का मौका भी नहीं छोड़ रही है. आगरा में भाजपा के एक ऐसे ही वीडियो पर विपक्षी दलों ने घेरना शुरू कर दिया है. समाजवादी पार्टी ने तो भाजपा के इस वीडियो पर भाजपा पर हमला बोला है. ये वीडियो है प्रदेश के पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह का. बता दें कि बीते रोज एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें अरिदमन सिंह राशन वितरण के बैगों पर अपनी व विधायक रानी पक्षालिका सिंह के साथ सीएम योगी और पीएम मोदी की फोटो लगवाई है. वायरल वीडियो में अरिदमन सिंह मुफ्त राशन के लाभार्थियों को राशन देते समय भाजपा को वोट देने की अपील भी कर रहे हैं. इसमें वह महिलाओं को राशन के साथ रिफाइंड, चना, दाल और नमक भी मिलने की बात कहते हुए गांव की भाषा में कह रहे हैं की जब राशन मिल रो है तो बोट भी जाहिं दियो, पति या बेटा अगर कहुँ और बोट डालबे कू कहैं तो चुप्पे से यहीं डाल दियो, उनन ने कछु न बताइयो.
समाजवादी पार्टी ने बोला हमला
इधर वीडियो वायरल होने के बाद समाजवादी पार्टी ने भाजपा पर हमला बोला है और सोशल मीडिया पर इस वीडियो को वायरल कर कहा है कि आगरा में सरकारी वितरण कार्यक्रम के दौरान गरीब को राशन के नाम पर वोट भाजपा को डालने का काम निंदनीय है. सपा का कहना है कि जनता इस बार किसी झांसे, दवाब, बहकावे में नहीं आएगी. भाजपा के पूरे कार्यकाल में लोगों को सिर्फ धोखा, जुमला मिला है. लेकिन इस बार समाजवादी पार्टी वोट की ताकत से ऐसे लोगों को सत्ता से हटाएगी.
