आगरालीक्स ….आगरा में कैंसर रोग विशेषज्ञ चर्चा कर रहे हं कि कैंसर मरीजों का दर्द कम कैसे हो, इलाज ऐसा दिया जाए जिसके साइड इफेक्ट बहुत कम हों।शनिवार को होटल रमाडा में आयोजित दो दिवसीय कैंसर रोग विशेषज्ञ के 32 वें सम्मेलन यूपीएरीकान में स्तन कैंसर, गर्भाशय के कैंसर के अत्याधुनिक इलाज पर चर्चा की गई।

सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने किया, उन्होंने कहा कि कैंसर रोगियों का दर्द दूर करने में चिकित्सक जुटे हुए हैं। यह अच्छा प्रयास है। वहीं, वाराणसी से आए डा. सत्यजीत प्रधान ने बताया कि कैंसर मरीजों का इलाज कीमोथैरेपी, रेडियोथैरेपी और सर्जरी से किया जाता है। इन सभी के दुष्परिणाम हैं। इन्हें कम करने का प्रयास किया जा रहा है। रेडियोथैरेपी में तेजी से बदलाव हुए हैं, अब टार्गेटेड रेडियोथैरेपी की जा रही है। मगर, इससे त्वचा जल जाती है। ऐसे में प्रोटोन थैरेपी एक नई तकनीकी है। इससे जहां कैंसर की गांठ है, उसी को नष्ट किया जाता है। इससे त्वचा नहीं जलती है। आयोजन सचिव डा. सुरभि गुप्ता ने बताया कि पहले दिन स्तन और गर्भाशय के कैंसर के इलाज पर चर्चा की गई। प्रारंभिक अवस्था में इन कैंसर का पता चल जाए तो मरीज की जान बचाई जा सकती है। इसकी जागरूकता के लिए कार्यक्रम किए जाएंगे। एसएन के प्राचार्य डा. प्रशांत गुप्ता, एसोसिएशन आफ रेडियोएशन आनकोलाजिस्ट आफ इंडिया के अध्यक्ष अध्यक्ष डा. राजेश वशिष्ठ, डा. अनु तिवारी, डा. एके आर्य, डा. अनुज त्यागी, डा. भूपेंद्र चाहर आदि मौजूद रहे।