आगरालीक्स.(Agra News 22nd December).. आगरा के एक बड़े हॉस्पिटल में आपरेशन कराकर मरीज चला गया, उसकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ओमिक्रॉन के अलर्ट के बीच आगरा में तीन दिन में कोरोना के पांच नए केस।
हिमाचल प्रदेश से एक 14 साल के बालक को सर्जरी कराने के लिए आगरा के बड़े अस्पताल में भर्ती किया गया। बालक के सैंपल ले लिए गए, इसके बाद सर्जरी कर दी गई। सर्जरी के बाद बालक को डिस्चार्ज कर दिया गया, इसके बाद कोरोना की रिपोर्ट आई है। बुधवार को 14 साल के बालक की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संपर्क किया, टीम को बताया गया कि बालक को डिस्चार्ज कर दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव बालक के संपर्क में आए डॉक्टर, कर्मचारी के साथ ही तीमारदारों के सैंपल लिए जाएंगे।
राजस्थान से लौटे एक और युवक में कोरोना की पुष्टि
24 साल का युवक राजस्थान नौकरी के लिए गया था, हलवाई की बगीची में रह रहे युवक ने राजस्थान से लौटने के बाद कोरोना की जांच कराई। युवक की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, इससे पहले राजस्थान से लौटी दो युवतियों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।
तीन दिन में कोरोना का पांच केस
आगरा में ओमिक्रॉन के अलर्ट के बीच कोरोना के तीन दिन में पांच नए केस मिले हैं। आगरा में कोरोना के एक्टिव केस पांच हो गए हैं। जबकि कोरोना की जांच के लिए 24 घंटे में 5608 सैंपल लिए गए हैं।
