आगरालीक्स…( ग्राउंड जीरो रिपोर्ट)। आगरा छावनी विधानसभा सीट भाजपा और बसपा के दबदबे वाली सीट है। इस सीट पर भाजपा जीत का चौका तो बसपा और कांग्रेस जीत की हैट्रिक लगा चुकी है।
सपा एक बार मुकाबले में आई थी। आगामी चुनाव में भी इस सीट पर रोमांचक मुकाबले के आसार हैं।
भाजपा के धर्मेश तीन चुनावों के बाद दिलाई जीत
आगरा कैंट विधानसभा सीट से वर्तमान में भाजपा के डा. जीएस धर्मेश विधायक हैं। वह बसपा प्रत्याशी गुटियारीलाल दुबेश को परास्त कर निर्वाचित हुए। पिछले चुनाव में करीब सवा चार लाख मतदाताओं में से 59.13 प्रतिशत मतदाताओँ ने मतदान किया। इसमें भाजपा के जीएस धर्मेश को 1,13,178 वोट मिले थे। उन्होंने 46,325 वोट से बसपा प्रत्याशी गुटियारीलाल दुबेश को हराया। दुबेश को 66,853 वोट मिले थे। इससे पहले बसपा ने इस सीट पर हैट्रिक लगाई।
जीत की पहली हैट्रिक कृष्णवीर सिंह कौशल के नाम
आगरा छावनी विधानसभा सीट पर वर्ष 1977, वर्ष 1980, वर्ष 1985 में कांग्रेस के डा. कृष्णवीर सिंह कौशल लगातार तीन बार विजयी रहे। उन्होंने इस दौरान जनता पार्टी औऱ भाजपा से प्रत्याशी रहे रमेश कांत लवानियां को शिकस्त दी।
हरद्वार दुबे ने भाजपा का खाता खोला फिर लगाया जीत का चौका
वर्ष 1989 के चुनाव में भाजपा का परचम पहली बार हरद्वार दुबे ने फहराया। उन्होंने कांग्रेस के डा. कौशल को शिकस्त दी। वर्ष 1991 के चुनाव में भाजपा के हरद्वार दुबे एक बार फिर विजयी रहे। उन्होंने जद के शिवचरन लाल को हराया। वर्ष 1993 में भाजपा के रमेशकांत लवानियां सपा के डा. कौशल को हराकर विजयी हुए। वर्ष 1996 के चुनाव में भाजपा के केशो मेहरा चुनाव में विजयी रहे। इस चुनाव में बसपा के हाजी इस्लाम कुरैशी पहली बार बसपा को मुकाबले में लेकर आए।
मोहम्मद बशीर की जीत से शुरू हुई बसपा की हैट्रिक
आगरा कैंट सीट पर बसपा का सबसे पहले झंडा वर्ष 2002 में मोहम्मद बशीर ने फहराया। उन्होंने भाजपा के केशो मेहरा को हराया। वर्ष 2007 में बसपा के जुल्फिकार अहमद भुट्टो और 2012 में बसपा के गुटियारीलाल दुबेश भाजपा को हराकर विजयी रहे। 2017 के चुनाव में भाजपा ने बसपा की हैट्रिक के बाद जीत हासिल की।
आगरा छावनी से कब कौन जीता
2017 डा. जीएस धर्मेश भाजपा
2012 गुटियारी लाल दुबेश बसपा
2007 जुल्फिकार अहमद भुट्टो बसपा
2002 मोहम्मद बशीर बसपा
1996 केशो मेहरा भाजपा
1993 रमेशकांत लवानियां भाजपा
1991 हरद्वार दुबे भाजपा
1989 हरद्वार दुबे भाजपा
1985 कृष्णवीर सिंह कौशल कांग्रेस
1980 कृष्णवीर सिंह कौशल कांग्रेस
1977 कृष्णवीर सिंह कौशल कांग्रेस
