आगरालीक्स…(5 January 2022 Agra News) ‘शैल विन बैडमिंटन अंतर्विद्यालयी टूर्नामेंट’ के फाइनल मैचों में इन स्कूलों के बच्चों ने मारी बाजी. ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए हुआ टूर्नामेंट
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में हुआ टूर्नामेंट
प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल में 2 जनवरी से शुरू हुए ‘शैल विन बैडमिंटन अंतर्विद्यालयी टूर्नामेंट’ का बुधवार को समापन हो गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एमसी गुप्ता रहे।. इस अवसर पर विद्यालय के निदेशकगण डॉ. सुशील गुप्ता, सुनीता गुप्ता, सतीश चंद गुप्ता, श्याम बंसल, शलव गुप्ता, प्रधानाचार्या याचना चावला ने गरिमामयी उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।. बता दें कि विद्यालय के निदेशक डॉ. सुशील गुप्ता तथा सुनीता गुप्ता के द्वारा अपनी प्रिय पुत्री शैली शाह के स्तन कैंसर से (4 जनवरी 2020) निधन के उपरांत एक प्रेरणास्पद पहल करते हुए स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शैलविन ब्रेस्ट कैंसर अवेयरनेस ड्राइव एंड सपोर्ट ग्रुप कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिमाह की 4 तारीख को विविध गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। स्वर्गीय श्रीमती शैली शाह की स्मृति में शुरू किए गए ’शैल विन’ अभियान के अंतर्गत इस वर्ष जनवरी माह की गतिविधि में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल परिसर में ‘शैल विन बैडमिंटन अंतर्विद्यालयी टूर्नामेंट’ का आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट में 43 विद्यालयों की टीम के 173 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें 42 प्रशिक्षकों के साथ 78 छात्र एवं 30 छात्राओं ने भाग लिया।

विजेता खिलाड़ियों को किया पुरुस्कृत
टूर्नामेंट का आयोजन अंडर 13 (बालक एवं बालिका वर्ग), अंडर 17 (बालक एवं बालिका वर्ग), अंडर 17 (मिक्स डबल) श्रेणियों में किया गया। बालक एवं बालिका वर्ग में सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उत्साह व जोश के साथ विपक्षी टीम से रोचक मुकाबला किया। मुख्य अतिथि – डॉ. एम.सी. गुप्ता ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करके अपार हर्ष जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी प्रकार के उत्तम प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए आशीर्वचन दिया। उन्होंने डॉ. सुशील गुप्ता को उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान से सम्मानित किए जाने पर अपार हर्ष जताया। उन्होंने बताया कि श्रीमती स्मृति ईरानी (मिनिस्टर ऑफ वुमन एंड चाइल्ड डेवलपमेंट) के द्वारा लखनऊ में डॉ. सुशील गुप्ता जी को उत्तर प्रदेश रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। डॉ. सुशील गुप्ता जी द्वारा कोरोना काल में तन, मन, धन से आगे बढ़कर सामाजिक उत्तरदायित्व निर्वहन में अहम भूमिका निभाई गई।
फाइनल मैच का परिणाम रहा-
अंडर 13 (बालक वर्ग)
विजेता- सुमित चाहर (श्री राम सेंटेनियल स्कूल) उपविजेता- शुभम सोलंकी (सचदेवा मिलेनियम)
अंडर 13 (बालिका वर्ग)
विजेता-अर्शी अब्बास (माउंट लिट्रा जी स्कूल) उपविजेता- खुशी वर्मा (गायत्री पब्लिक स्कूल)
अंडर-17 (बालिका वर्ग)
विजेता- समृद्धि पचेरी वाला (दिल्ली पब्लिक स्कूल) उपविजेता- दिव्यांशी (प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल)
अंडर-17 मिक्स डबल
विजेता- अभय राज/सारिका (टीसा) उपविजेता- सुमित चाहर/सलोनी (श्री राम सेंटेनियल स्कूल)
अंडर-17 (बालक वर्ग)
विजेता- अभय राज (टीसा) उपविजेता- सार्थक पावा (होली पब्लिक स्कूल)
बैडमिंटन टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अर्शी अब्बास (माउंट लिट्रा जी स्कूल) घोषित किया गया। टूर्नामेंट राइजिंग स्टार कार्तिकेय गुप्ता (प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल). घोषित किया गया।

कैेसर के प्रति जागरूक करने के लिए हुआ टूर्नामेंट
डॉ. सुशील गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने बैडमिंटन टूर्नामेंट के आयोजन का उद्देश्य बताते हुए कहा कि प्यारी बिटिया शैली की स्मृतियों को संजोए रखते हुए कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक बनाना है। उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने के लिए खेलकूद की परम आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर एक असाध्य रोग नहीं है। सही समय पर उचित जानकारी के साथ इसका उपचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर को ना छिपाएं तथा उसके लिए समय पर इलाज कराएं। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य हित में शैलविन के द्वारा उठाए गए ठोस कदम की जानकारी देते हुए बताया कि स्तन कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत निशुल्क मैमोग्राफी टेस्ट रेडियोलॉजी विभाग एस. एन. मेडिकल कॉलेज, आगरा में कराया जा सकता है। निशुल्क मैमोग्राफी टेस्ट कराने से पूर्व प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, सिटी ऑफिस मारुति प्लाजा पर रजिस्ट्रेशन करवाना सुनिश्चित किया गया है।
ये रहे उपस्थित
बैडमिंटन टूर्नामेंट के प्रभारी प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल के क्रीडा शिक्षक नरेंद्र कुशवाहा, अभि सिरोही तथा कोच कोऑर्डिनेटर गयासुद्दीन कुरेशी तथा काजल वासुदेवा, साक्षी जैन, टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एमपी भल्ला तथा मैच रेफरी हरेंद्र कुमार, प्रणव, निखिल तथा अगम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्रा मीनल एवं उमंग के द्वारा आकर्षक नृत्य प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम का संचालन डिंपी महेंद्रु ने किया।कार्यक्रम में अतुल सक्सैना, विमल कुमार, सुनील कुमार, रंजना गुप्ता का सहयोग रहा।