आगरालीक्स ..(अभी तक का अपडेट).. आगरा के चार जूता कारोबारियों पर पिछले 21 घंटे से आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। कारोबारी मनू अलघ की कोठी पर ताले की चाबी बनाने वाले को बुलाया गया। अभी लंबी कार्रवाई चल सकती है।
आगरा में मंगलवार सुबह आठ बजे जूता निर्यातक नोवा शूज के हरसिमरन अलघ उर्फ मनू अलघ, तारा इनोवेशन की मानसी चंद्रा, ओम एक्सप्रोर्ट के राजेश सहगल और आहूजा इंटरनेशनल के विजय आहूजा के आगरा,दिल्ली और नोएडा स्थित 15 ठिकानों पर आयकर विभाग के 100 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने कार्रवाई शुरू की। यह बुधवार शाम पांच बजे तक जारी है। आयकर विभाग की कार्रवाई लंबी चल सकती है।

ताले की चाबी बनाने वाला बुलाया गया
जूता कारोबारी मनू अलघ दिल्ली में हैं, आयकर विभाग की टीम ने चाबी न होने पर लॉक खोलने के लिए ताला चाबी बनाने वाले को बुलाया। मगर, उससे पहले ही दिल्ली से आगरा चाबी आ गई और लॉक खोल लिया गया। ताला चाबी बनाने के लिए लाए गए युवक को वापस कर दिया गया। आयकर विभाग के अधिकारियों की टीम जांच में जुटी हुई है। इस दौरान स्थानीय जूता कारोबारी उनसे मिलने के लिए पहुंचे लेकिन उन्हें अंदर जाने नहीं दिया गया।
अभी लंबी चलेगी कार्रवाई
आयकर विभाग की टीम चारों जूता कारोबारियों के कारोबारी रिश्तों के साथ ही लिंक कंपनी और पिछले दिनों में निवेश के दस्तावेज खंगाल रही है। ऐसा माना जा रहा है कि कार्रवाई गुरुवार को भी जारी रहेगी। आगरा, दिल्ली और नोएडा के 15 ठिकानों पर आयकर विभाग आगरा की एडीशनल डायरेक्टर इन्वेस्टीगेशन नीलम अग्रवाल के निर्देशन में असिस्टेंट डायरेक्टर आसिमा महाजन की अगुवाई में कार्रवाई जारी है।