आगरालीक्स…(12 January 2022 News) अब सपा पर भाजपा का काउंटर अटैक. डॉ. धर्मपाल के बाद तीन बार के विधायक और मुलायम सिंह यादव के समधी हुए भाजपाई
हरिओम यादव हुए भाजपाई
आगरा में चुनाव से पहले ही उठापटक का दौर चल रहा है. भाजपा के कई विधायकों और दो मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य व दारा सिंह चौहान का साथ छूटने के बाद सपा से भी भाजपा में शामिल होने वालों का क्रम जारी है. बुधवार को एत्मादपुर सीट से विधायक रह चुके और हाल ही में बसपा व कांग्रेस छोड़कर सपा में शामिल हुए डॉ. धर्मपाल सिंह ने बुधवार को भाजपा ज्वाइन कर ली. भाजपा के लिए उनका पार्टी में शामिल होना काफी अहम माना जा रहा है, वहीं सपा के लिए ये एक झटका हुआ. लेकिन, सपा को इससे बड़ा झटका फिरोजाबाद की सिरसागंज सीट से मिला है. तीन बार सपा से विधायक रहे हरिओम यादव ने भी दिल्ली में जाकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है.

मतभेद के बाद हुए भाजपाई
मंगलवार को सिरसागंज से एक बार फिर से टिकट की दावेदारी कर रहे विधायक हरिओम यादव ने रामगोपाल यादव के साथ मतभेदों के कारण भाजपा ज्वाइन कर ली. हरिओम यादव शिकोहाबाद से वर्ष 2002, 2012 और सिरसागंज से 2017 में विधायक रह चुके हैं. पिछले चुनाव में भाजपा की लहर में सपा के हरिओम यादव ने फिरोजाबाद जिले की एकमात्र सिरसागंज सीट सपा के लिए बचाई थी. लेकिन बताया जाता है कि इस बार उनका नाम कटना तय माना जा रहा था जिसके बाद विधायक ने भाजपा ज्वाइन कर ली. हरिओम यादव का नाम फिरोजाबाद के कद्दावर नेताओं में माना जाता है.
मुलायम सिंह यादव के हैं समधी
हरिओम यादव सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के समधी भी हैं. हरिओम यादव के सगे भाई रामप्रकाश नेहरू की बेटी मृदुला का विवाह मुलायम सिंह के भतीजे रणवीर सिंह यादव के साथ हुआ था. रणवीर सिंह यादव की मृत्यु के बाद सैफई महोत्सव रणवीर सिंह की स्मृति में मनाया जाता है. रणवीर सिंह यादव और मृदुला यादव के बेटे तेजवीर यादव उर्फ तेजू मैनपुरी के पूर्व सांसद रहे हैं.