आगरालीक्स ……आगरा में नए साल में कोरोना के मरीजों के हर रोज जारी हो रहे आंकड़ों से लोग सहम गए हैं। कोरोना का एक लक्षण सभी मरीजों में मिल रहा है। जानें क्या है लक्षण, कितने केस मिले 12 दिन में।
आगरा में एक जनवरी को कोरोना के पांच केस मिले थे, इसके बाद से केस लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 652 केस मिले थे। इस तरह आगरा में कोरोना के जनवरी के 12 दिनों में 2150 नए केस मिल चुके हैं। इतनी अधिक संख्या में कोरोना के केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग के सामने भी चुनौती है कि कोरोना संक्रमित मरीजों से कैसे संपर्क किया जाए।

राहत, आधा फीसद मरीज ही कोविड हॉस्पिटलों में भर्ती
कोरोना के केस बढ़ रहे हैं लेकिन राहत है कि कोरोना के नए केस में मरीजों को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ रही है। आधा फीसद मरीजों को ही कोविड हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। एसएन के कोविड हॉस्पिटल में नौ मरीज भर्ती हैं, जबकि कोरोना के एक्टिव केस 2096 हैं। 99.5 फीसद कोरोना पॉजिटिव मरीज अपने घर पर हैं और होम आइसोलेशन में ही अपना इलाज करा रहे हैं।
आगरा में कोरोना संक्रमित मरीजों में सामने आ रहे लक्षण
1-ठंड लगकर बुखार आना, ठंड भी ऐसी कि लगे मलेरिया तो नहीं हो गया, यह बुखार दो से तीन दिन तक रह सकता है लेकिन तेज बुखार नहीं आता है
2-गले में खराश और दर्द
3-नाक बहना और छींक आना यह भी दो से तीन दिन तक
4-सिर दर्द हो सकता है
5-कोरोना का अहम लक्षण कमजोरी और शरीर में दर्द है
6-भूख कम लग रही है