आगरालीक्स…(17 January 2022 Agra News) आगरा में 34.26 मिनट के आडियो ने रालोद में मचाया घमासान. टिकट के बदले 20 लाख रुपये की हो रही मांग. कहा—ये चरण सिंह की लोकदल नहीं, अब प्लान बदल गया है…
आगरा में एक करीब 35 मिनट के आडियो ने राष्ट्रीय लोकदल में घमासान मचा दिया है. आडियो में रालोद के टिकट के लिए 20 लाख रुपये की बात कही गई है. ये आडियो पूर्व विधायक कालीचरण सुमन ने वायरल किया है जिसमें राष्ट्रीय लोकदल की जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर पर टिकट के लिए सौदेबाजी की बातचीत की बात कही गई है. पूरी आडियो समेत पूर्व विधायक ने पाटभ्र् अध्यक्ष जयंत चौधरी से शिकायत करने की भी बात कही है.

ये है पूरा मामला
पूर्व विधायक कालीचरण सुमन का आरोप है कि आगरा ग्रामीण सीट के लिए जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर के निवास पर नौ जनवरी को बुलाया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि शुरू से ही कुसुम चाहर द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से टिकट के लए बजट पूछने की बात कही जा रही थी. इसकी उन्होंने रिकॉर्डिंग की. यह आडियो 34.26 मिनट का है. आरोप है कि इसमें प्रधानजी, ब्लॉक प्रमुख के सामने जिलाध्यक्ष ने टिकट के लिए 20 लाख रुपये देने को कहा. इस पर उन्होंने कहा कि रुपये में टिकट मिलेगी तो वह कैसे लड़ पाएंगे इस पर जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर ने कहा कि अब ये चरण सिंह की लोकदल नहीं है. प्लान बदल गया है. उन्होंने किसी पार्टी अध्यक्ष के खास आदमी से मुलाकात करने को कहा कि उससे मिल लो 10 से 20 लाख रुपये में बात बन जाएगी. वैसे हमने तुम्हारे नाम की सिफारिश की है. नेता हमसे पूछेगा तो वह ओके कर देंगी.
आरोप निराधार:कुसुम चाहर
आडियो वायरल होने पर रालोद जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर का कहना है कि यह आडियो फर्जी है. मेरे निवास पर कोई बैठक नहीं हुई है और न ही टिकट के लिए रुपये मांग गए हैं. जो आडियो में आवाज है उसमें मेरी आवाज की मिलती जुलती किसी और महिला की आवाज है. मुझ पर आरोप निराधार हैं.