आगरालीक्स…(24 January 2022 Agra News) आगरा में घर—घर में लोगों को खांसी, जुकाम और बुखार. कोरोना से ज्यादा ठंड कर रही परेशान…
आगरा में इस समय घर—घर में लोग बीमार पड़े हुए हैं. घर के बच्चों से लेकर बड़े और जवान लोग भी इस समय सर्दी, जुकाम के साथ खांसी और बुखार से त्रस्त हैं. इसका कारण बढ़ती हुई ठंड बताया जा रहा है. हालांकि इस समय कोरोना की तीसरी लहर भी चल रही है और जिसका लक्षण भी इससे मिलते जुलते हैं. ऐसे में लोग घर पर ही रहकर किसी तरह अपना इलाज कराने में लगे हुए हैं और वो अस्पताल जाने से कतरा रहे हैं. बता दें कि इस साल की शुरुआत से ही सर्दी कड़ाके की पड़ रही है. ये सर्दी अब लोगों को परेशान करने लगी है जिसके कारण उन्हें इससे संबंधित बीमारियां घेर रही हैं. सिर में दर्द भी इसका बड़ा कारण बना हुआ है. इसके अलावा पेट में दर्द के साथ गला सूखना और पाचन क्रिया भी लोगों की बिगड़ रही है.

क्या कहते हैं डॉक्टर्स
इस संबंध में डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल सर्दी इसका बड़ा कारण है लेकिन फिर भी अगर दो से तीन दिन में आराम नहीं मिलता है तो चिकित्सक से परामर्श जरूर लें और अपनी जांच भी करा सकते हैं.
बाजारों में भीड़, नियमों का नहीं हो रहा पालन
बता दें कि कोविड की तीसरी लहर चल रही है. शासन द्वारा लोगों को सावधानी बरतने और कोविड के संबंधित नियमों का पालन करने के लिए कहा जा रहा है लेकिन इसके बावजूद बाजारों में भीड़ है और लोग बेफिक्र हैं. कहीं भी नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है. रात को दस बजे के बाद नाइट कफर्यू का निर्देश है लेकिन इसके बावजूद आगरा के कई चौराहों पर रात दस बजे के बाद भी दुकानें खुली रहती हैं.