आगरालीक्स…(17 February 2022 Agra News) इस चुनाव में पहली बार नजर आए मुलायम सिंह यादव. करहल में बेटे के लिए किया चुनाव प्रचार. कहा—मेरी भावना का मान रखिए, अखिलेश को भारी मतों से जिताना है…
करहल में बेटे के लिए पहुंचे मुलायम सिंह यादव
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के पहले दो चरणों का मतदान समाप्त हो चुका है. अब पांच चरणों के चुनाव शेष हैं. अभी तक समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, बसपा सहित सभी राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारक अपना दम दिखा चुके हैं और वोटरों को लुभाने का काम किया है लेकिन समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव पहली बार इस चुनाव में आज लोगों के सामने आए. उन्होंने गुरुवार को करहल विधानसभा सीट से प्रत्याशी और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के लिए वोट मांगे. उन्होंने चुनाव प्रचार किया और जनसभा को संबोधित कर अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताने की अपील की.

लोगों की उम्मीद पूरा करेगी सपा
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि जो लोग उम्मीद लेकर आए हैं, मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि सपा उनकी उम्मीदों को पूरा करेगी. आपको निराश नहीं करेंगे. भीड़ देखकर मेरी जिम्मेदारी बढ़ गई है. मेरी अपील है कि मेरी भावना का मान रखना और कहरल से अखिलेश यादव को भारी मतों से जिताना. उनहोंने कहा कि पांच साल में गरीबी और बेरोजगारी बढ़ी है. किसानों के सामने आय की समस्या है. लेकिन सपा की नीतियां स्पष्ट हैं. किसानों के लिए खाद और बीज का इंतजाम किया जाएगा. सिंचाई के साधन उपलब्ध कराए जाएंगे. इससे पैदावार बढ़ेगी तो किसानों की हालत सुधरेगी. नौजवानों को नौकरी दी जाएगी.
मुलायम सिंह यादव के संबोधन के बाद अखिलेश यादव भी यहां पहुंचे और उन्होंने मंच पर सबसे पहले मुलायम सिंह यादव के पैर छुए और फिर कहा कि नेताजी के आने से कार्यक्रम की शोभा बढ़ी है. ये नेताजी का क्षेत्र रहा है.