आगरालीक्स…. अलीगढ़ में गले में जूतों की माला के बाद अब फिरोजाबाद में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन हथकड़ी-बेड़ी में एक प्रत्याशी प्रचार करता नजर आया।
चूड़ी मजदूरों के लिए पहनने का दावा
फिरोजाबाद में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशी रामदास मानव हाथ-पैर में हथकड़ी-बेड़ी और गले में लोहे का घेरा (फंदा) डालकर प्रचार करते नजर आए। रामदास मानव का कहना था कि वह फिरोजाबाद के श्रमिकों के हाथों में लगी हथकड़ी-बेड़ी कटवाने के लिये इसे पहनकर प्रचार कर रहे हैं।
कानून को लागू करवाने की मांग
प्रत्याशी रामदास का कहना था कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2021 में फिरोजाबाद के चूड़ी श्रमिकों के लिए एक कानून लागू किया था, जिसे लागू नहीं किया गया है। इसे लागू कराने के सब प्रयास कर चुके हैं लेकिन कानून लागू नहीं हुआ है। इसलिए वह जब तक कानून लागू नहीं हो जाता वह इसी हालत में रहेंगे। चुनाव समाप्त होने के बाद भी इसी तरह रहेंगे। उनका कहना था कि वह मजदूरों के पैसे से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
अलीगढ़ में गले में जूते की माला डाल किया था प्रचार
उल्लेखनीय है कि अलीगढ़ में पहले चरण के चुनाव प्रचार के दौरान शिवसेना समर्थित प्रत्याशी पंडित केशव देव जूतों की माला गले में डालकर प्रचार कर रहे थे। हालांकि जूते उनका चुनाव चिह्न था। इस खबर को भी आगरालीक्स ने प्रकाशित किया था।