आगरालीक्स ..(Agra News 25th February 2022)..आगरा के दवा बाजार में एनसीबी की टीम ने मारा छापा, दवा कारोबारियों में मची खलबली, पांच दवा कारोबारियों को दिए गए नोटिस।
आगरा में शुक्रवार को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यानी एनसीबी की टीम ने फव्वारा दवा बाजार स्थित मुबारक महल में छापा मारा। पांच सदस्यीय टीम ने दवा बाजार में करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। टीम ने नींद की गोली, खांसी के सीरप सहित नारकोटिक्स की दवाओं की बिक्री की जानकारी ली। टीम ने दो साल पहले कोसी कला की एक फर्म को दवा कारोबारियों द्वारा सप्लाई की गई नारकोटिक्स की दवाओं की जानकारी मांगी। टीम ने दवा कारोबारियों से फर्म को बिक्री की गईं दवाओं की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड भी लिया है।

टीम ने पांच दवा कारोबारियों को दिए नोटिस
एनसीबी की टीम ने मुबारक महल स्थित पांच दवा कारोबारियों को नोटिस दिए हैं। इसमें फर्म को बिक्री की गईं दवाओं का ब्योरा मांगा गया है। इस फर्म की दवाएं एनसीबी ने पकड़ी थी उसी सिलसिले में टीम जांच कर रही है।
30 से 40 दवा कारोबारियों की सूची की गई तैयार
बताया जा रहा है कि एनसीबी की टीम ने फव्वारा दवा बाजार के 30 से 40 दवा कारोबारियों की सूची तैयार की है, इनसे पूछताछ की जाएगी।