आगरालीक्स…आगरा में हुई फिल्म ‘बर्लिन’ की शूटिंग. एक्टर अपारशक्ति खुराना और राहुल बोस आए आगरा. ताजमहल नहीं इस मंदिर के पास हो रही शूटिंग
बॉलीवुड निर्देशकों को अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए आगरा काफी पसंद है. समय—समय पर आगरा में फिल्मों की शूटिंग होती रहती है जिसके कारण यहां कई बड़े कलाकार व निर्देशक आते रहते हैं. हाल ही में डायरेक्टर लव रंजन की शादी भी आगरा में हुई है, जिसमें रणबीर कपूर, श्रद्धा कपूर, अर्जुन कपूर, जैकी भगनानी, रकुलप्रीत सिंह, प्रीतम, वरुण शर्मा जैसे कलाकार आगरा पहुंचे. रकुलप्रीत, जैकी भगनानी और फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा ने ताजमहल का दीदार भी किया. इससे पहले आगरा में ही अतरंगी रे की शूटिंग हुई थी. ताजमहल पर अक्षय कुमार, सारा अली खान और धनुष पहुंचे. आज एक और फिल्म की शूटिंग आगरा में हुई है, लेकिन इस फिल्म की शूटिंग ताजमहल में नहीं बल्कि सिकंदरा के कैलाश मंदिर के पास हो रही है.

अपराशक्ति खुराना, राहुल बोस पहुंचे
फिल्म निर्माता अतुल सभरवान की फिल्म ‘बर्लिन’ की शूटिंग आगरा में शनिवार को हुई. सिकंदरना के कैलाश मंदिर के पास गंगाजल प्रोजेक्ट के पास इस फिल्म के कई सीन फिल्माए गए. दंगल जैसी फिल्म में शानदार कलाकारी कर चुके अपारशक्ति खुराना व राहुल बोस फिल्म की शूटिंग के लिए आगरा पहुंच गए हैं. अपारशक्ति खुराना इस फिल्म में मुख्य भूमिका में हैं. फिल्म की शूटिंग देखने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ लगी रही.