आगरालीक्स…अखिलेश यादव ने ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ाने के लिए की है अपील…कहा—एक्टिव हो जाएं सपा प्रत्याशी और कार्यकर्ता…
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ाने की अपील की है जिससे कि यहां कोई गड़बड़ी न हो सके. बता दें कि सोमवार को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में बने मतगणना स्थल पर बने स्ट्रांग रूम परिसर में उस वक्त हंगामा मच गया जब मध्य विधानसभा सीट के रिटर्निंग आफिसर की सरकारी गाड़ी में हथौड़ी, छैनी निकल आए. इस पर सपा व अन्य राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए दो घंटे तक प्रदर्शन किया.

इस संबंध में जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया कि कोई छेड़छाड़ नहीं हुई है. अधिकारी को चेतावनी देकर स्पष्टीकरण मागा गया है. प्रत्याशियों को स्ट्रांग रूम परिसर का निरीक्षण भी करा दिया गया है. सभी अंदर की व्यवस्थाओं से संतुष्ट हैं.
इस मामले को लेकर अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि ये बेहद गंभीर मामला है. उन्होंने सपा—गठबंधन के सभी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वो ईवीएम स्ट्रांग रूम की निगरानी बढ़ा दें.