आगरालीक्स… आगरा के मिशनरी और कान्वेंट स्कूलों का नया सत्र मार्च के अंतिम सप्ताह से शुरू हो जाएगा। दो साल बाद सभी छात्र स्कूल जाएंगे। बैग से लेकर नई ड्रेस, बजट भी गड़बड़ाएगा।
आगरा में 2020 और 2021 में कोरोना के चलते स्कूल नहीं खुले। मिशनरी और कान्वेंट स्कूलों की आनलाइन कक्षाएं संचालित हुईं। लेकिन अब कोरोना की तीसरी लहर काबू में आ चुकी है। 15 से 17 की उम्र के बच्चों को वैक्सीन भी लग रही हैं। बच्चे स्कूल भी जाने लगे हैं। अभी अधिकांश स्कूलों में परीक्षाएं चल ही हैं, कुछ स्कूलों में आनलाइन परीक्षाएं हुई हैं।
17 मार्च तक रिजल्ट, 25 मार्च से नया सत्र
जिन मिशनरी और कान्वेंट स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं, उनका रिजल्ट 17 मार्च तक घोषित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों का नए सत्र में प्रवेश हो जाएगा। बैग भी मिलेगा और ड्रेस भी नई होगी। इसके लिए स्कूलों में तैयारी चल रही है। 25 मार्च से सत्र 2022 23 की कक्षाएं भी शुरू हो जाएंगी।
स्कूलों में चल रही प्रवेश प्रक्रिया
मिशनरी स्कूलों में नर्सरी सहित अन्य कक्षाएं में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। कान्वेंट स्कूलों में अभी प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। कोरोना काल में तमाम अभिभावकों ने अपने बच्चों को पढ़ाया नहीं है। ऐसे में वे अब स्कूलों में प्रवेश दिलवा रहे हैं। कान्वेंट स्कूलों में भी प्रवेश के लिए लाइन लगी हुई है।