
सिकंदरा पुलिस को सूचना मिल रही थी कि लखनपुर में काला तेल का अवैध कारोबार हो रहा है। इस पर एएसपी अनुराग वत्स के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापामार कार्रवाई की। एसओ सिकंदरा ने बताया कि भगवत फैक्ट्री संचालक है। अन्य पकड़े गए लोग कर्मचारी और टैंकर चालक हैं। मिट्टी के तेल को मिलाकर काला तेल तैयार किया जा रहा था। भगवत रिफाइनरी से आने वाले टैंकरों से काले तेल की चोरी करता हैं। इसमें टैंकर चालक की भी मिलीभगत रहती है। बिटुमिन भी चोरी किया जाता है। यहां से पुलिस ने छह लोग पकड़े। इनमें गोपेंद्र (निवासी ककरेठिया, थाना राया, मथुरा), सत्येंद्र (सासनी, हाथरस), आसिफ (हलका मदन, नाई की मंडी), बाबूदीन (तेलीपाड़ा, लोहामंडी), विनोद (सासनी, हाथरस) और मोहन सिंह (बरहन) को गिरफ्तार किया है। वहीं लखनपुर निवासी लखन चौधरी और मथुरा का भगवत भागने में सफल रहे।सूचना पर पहुंची नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने सैंपल लिया है। सीओ अनुराग वत्स ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पहले भी पकडा जा चुका है काला कारोबार
सिकंदरा में पहले भी काला तेल का कारोबार पकड़ा जा चुका है। पिछली साल अरतौनी में काला तेल के साथ छह लोग गिरफ्तार किए गए थे। इससे पहले भी कई बार छापे में काले तेल की फैक्ट्री पकडी जा चुकी है। मथुरा रिफाइनरी पास में होने के चलते आगरा और मथुरा में काले तेल की फैक्ट्री चल रही हैं। कई बार पुलिस छापामार कर फैक्ट्री बंद करा चुकी है।
Leave a comment