आगरालीक्स…अखिलेश यादव ने कहा— उत्तर प्रदेश में हर तरफ समाजवादी पार्टी गठबंधन की सुनामी आई है. भाजपा नेताओं में घबराहट
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज मऊ, गाजीपुर और चंदौली में विशाल जनसभाओं को सम्बोधित किया जिनमें अभूतपूर्व भीड़ जुटी। ऐसा लग रहा है कि उत्तर प्रदेश में हर तरफ समाजवादी पार्टी गठबंधन की सुनामी आई हुई है। अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा के ये चुनाव देश को बनाने, किसानों, व्यापारियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों के सम्मान और संविधान तथा लोकतंत्र को बचाने के लिए हो रहे हैं। ये चुनाव उत्तर प्रदेश को बदहाली से खुशहाली की ओर ले जाने के लिए है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, गठबंधन के पक्ष में जनता का प्रबल समर्थन देखकर भाजपा नेता घबराहट में है। उनकी भाषा और व्यवहार बदल गया है। खिसियाहट में समाजवादी पार्टी और उसके नेताओं पर हमले कर रहे हैं पर सच्चाई यह है कि जनता ने भाजपा को वोट की चोट देने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के झूठ और झूठे लोगों का सफाया कर रही है। भाजपा के लोग गंगा जी में स्नान करने के बाद और गंगाजल हाथ में लेने के बाद भी झूठ बोलते हैं। भाजपा के छोटे नेता छोटा झूठ, बड़े नेता बड़ा झूठ, सबसे बड़े नेता सफेद झूठ बोलते हैं। भाजपा ने किसानों, नौजवानों, छात्रों को धोखा दिया। महंगाई, बेरोजगारी बढ़ा दी। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई। किसानों की फसलों का सही मूल्य नहीं मिला। किसानों को खाद के लिए लाइन लगना पड़ा लेकिन खाद नहीं मिली, खाद की बोरी से 5 किलो यूरिया खाद चोरी हो गई। इसी तरह से भाजपा ने नौजवानों को नौकरी और रोजगार देने का झूठा वादा किया। इस सरकार में नौजवानों की नौकरियां छिन गई। सपा गठबंधन की सरकार में किसानों की सभी फसलों की खरीद एमएसपी पर होगी। सिंचाई पूरी तरह से फ्री होगी। किसानों को 2 बोरी डीएपी और 5 बोरी यूरिया दिया जाएगा। फसलों की खरीद के लिए मंडी बनाई जाएगी। बीएड, बीपीएड, टेट, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रोजगार सेवकों को समायोजित किया जाएगा। नौजवानों को पुलिस में भर्ती करके वर्दी पहनाई जाएगी। प्रदेश में 11 लाख रिक्त सरकारी पदों पर नौजवानों की भर्ती करेंगे। भाजपा ने तीन काले कानून लाकर किसानों की जमीन और फसलों को छीनने की साजिश रची। किसानों को अपमानित किया। तीन काले कानूनों के खिलाफ आंदोलन में 700 किसान शहीद हो गए।