आगरालीक्स…आगरा में धरती की भगवान बनीं डॉ. सुरेखा. 7 मिनट तक नवजात को मुंह से सांस देकर बचाई जान…वीडियो देखेंगे तो बच्चे को देख आ जाएगी मुस्कान…
डॉक्टरों को धरती का भगवान कहा जाता है. गंभीर से गंभीर मरीज हो, उसके इलाज और उसके ठीक होने के लिए वो अपना पूरा प्रयास करते हैं. नई जिंदगी देते हैं. आगरा में भी एक महिला चिकित्सक को लोग धरती का भगवान कह रहे हैं. इन महिला चिकित्सक का नाम है डॉ. सुरेखा. एत्मादपुर के सामूदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात डॉ. सुरेखा ने एक नवजात को तब तक मुंह से सांस दी जब तक कि बच्चे में जान वापस नहीं आ गई. इसका वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखकर हर कोई डॉ. सुरेखा की सराहना कर रहा है.
जानिए क्या है मामला
मामला एक मार्च का है. एत्मादपुर के गांव बुर्ज गंगी में रहने वाली खुशबू को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था. खुशबू ने एक बच्ची को जन्म दिया लेकिन जन्म के कुछ देर बाद ही बच्ची की अचानक तबियत बिगड़ गई. इस पर अस्पताल की डॉ. सुरेखा ने जांच की तो देखा कि नवजात को सांस लेने में परेशानी हो रही है. इस पर उनहोंने बच्ची को आक्सीजन लगाई लेकिन उससे कुछ नहीं हुआ. इसके बाद डॉ. सुरेखा ने बच्ची को मुंह से सांस देना शुरू कर दिया.
सात मिनट तक दी सांस तो आई जान
बताया जाता है कि प्रसव के बाद उस समय तक नवजात की सफाई भी नहीं हुई थी. उसके पूरे शरीर पर ब्लड भी लगा हुआ था, लेकनि इन सबकी परवाह किए बिना डॉ. सुरेशा ने बच्ची को सांस देना शुरू कर दिया. उन्होंने करीब सात मिनट तक बच्ची को सांस दी. आखिरकार उनका प्रयास सफल हुआ और नवजात ने अपनी आंखें खोली. नवजात के ठीक होने पर सभी ने राहत की सांस ली. इस दौरान किसी स्टाफ ने ये वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग डॉ. सुरेखा के प्रयास की सराहना कर रहे हैं.