आगरालीक्स ..Breaking …आगरा के आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर में 12 वीं के छात्र का शव चार मंजिला बिल्डिंग के पास मिला। सुबह छात्र यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल गया था, पुलिस जांच में जुटी हुई है।
आगरा के गांधीनगर निवासी ऋषभ यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल, खंदारी परिसर आंबेडकर विवि में 12 वीं का छात्र है। परिजनों का कहना है कि बुधवार को ऋषभ का प्रैक्टिकल था, वे सुबह 10 बजे ऋषभ को स्कूल छोड़कर आए थे। वहीं, दोपहर में ऋषभ का शव विवि के खंदारी परिसर चार मंजिला हॉस्टल के पास मिलने से खलबली मच गई। सूचना पर परिजन पहुंच गए। खंदारी कैंपस के छात्र लहूलुहान ऋषभ को लेकर एसएन इमरजेंसी पहुंचे। मगर, तब तक ऋषभ की मौत हो चुकी थी।

इमरजेंसी पर पहुंचे परिजन, आक्रोश
ऋषभ की मौत की सूचना पर परिजन एसएन इमरजेंसी पर पहुंच गए। परिजनों में आक्रोश है, छात्र की मौत कैसे हुई यह पता नहीं चल सका है। स्कूल प्रशासन भी कोई जानकारी नहीं दे रहा है। छात्र स्कूल गया था तो चार मंजिला बिल्डिंग कैसे चला गया और उसकी मौत कैसे हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
तीसरी मंजिल पर मिला छात्र का बैग
ऋषभ को परिजन सुबह 10 बजे यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल छोड़कर गए थे, कुछ देर बाद ऋषभ का शव चार मंजिला बिल्डिंग के पास मिला। ऋषभ का बैग बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर मिला है। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है, ऋषभ की मौत कैसे हुई, इसके लिए शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा।