आगरालीक्स…… आगरा में बिल्डर को 1.25 करोड़ का फायदा पहुंचाने पर आवास विकास परिषद, आगरा के संपत्ति प्रबंधक और एक लेखाकार निलंबित।
आवास विकास परिषद की सिकंदरा योजना के सेक्टर एक में व्यावसायिक भूखंड की ब्याज माफ करने के मामले में जांच कराई गई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जांच में सामने आया है है कि 2016 में सिकंदरा योजना में 1010.46 वर्ग मीटर का भूखंड नीलामी द्वारा आवंटित किया गया। परिषद ने आरक्षित मूल्य 39424 रुपये प्रति वर्ग मीटर रखा गया लेकिन नीलामी 80 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर से हुई। नीलामी के बाद परिषद ने खरीददार संतोष कुमार गुप्ता को पैसा जमा करने के लिए पत्र भेजा लेकिन उन्होंने पैसे जमा नहीं किए।

अपने स्तर से ही ब्याज कर दी गई माफ
इस मामले में 2018 में आवास विकास परिषद मुख्यालय में ब्याज माफ करने के लिए आवेदन किया गया, इसे निरस्त कर दिया गया। लेकिन तत्कालीन संपत्ति प्रबंधक गंगाराम और लेखाधिकारी दीपक राज सिरोही ने 31 जनवरी 2019 को अपने स्तर से ही ब्याज माफ कर दी गई। इससे आवास विकास परिषद को करीब 1.25 करोड़ का नुकसान हुआ। संपत्ति प्रबंधक और लेखाकार को परिषद प्रशासन ने निलंबित कर दिया है।