आगरालीक्स…आगरा में शादी के 44 दिन बाद विवाहिता की जलकर मौत. पति, सास—ससुर सहित सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज…
आगरा के शाहगंज में रहने वाली एक विवाहिता की शादी के 44 दिन बाद ही जलकर मौत हो गई. शनिवार को उसे अस्पताल में भर्ती कराकर ससुरालीजन फरार हो गए. शनिवार देर रात विवाहिता की मौत हो गई. इससे परिजनों में कोहराम मच गया. उन्होंने ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मृतका का पति, सास और ससुरल को अरेस्ट कर लिया है. सभी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.

फिरोजाबाद के पचोखरा में रहने वाले किशनलाल ने अपनी बेटी रीता की शादी इसी साल 18 फरवरी को शाहगंज की राम स्वरूप कॉलोनी में रहने वाले विष्णु के साथ की थी. विष्णु सैलून चलाता है. उन्होंने बताया कि रीता होली पर घर आई थी तो उसने बताया कि ससुराली दहेज में एक लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और इसके लिए उसे परेशान किया जा रहा है. 25 मार्च को विष्णु रीता को लेने आया, तब रीता के मायके वालों ने गेहूं बेचकर रुपये देने की बात कही. इस पर विष्णु रीता को वहां से ले गया. आरोप है कि एक अप्रैल को रात को रीता का फोन आया. वह रोते हुए कह रही थी कि ससुरालीजन उसे परेशान कर रहे हैं. इतना हने के बाद फोन कट गया और फिर नहीं लगा.
दो अप्रैल को रीता के ससुराल से 11 बजे फोन आया और कहा कि रीता की तबियत खराब है और वह अस्पताल में भर्ती है. इस पर परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो वहां रीता जली हहुई हालत में भर्ती मिली. बेटी को छोड़कर ससुराली वहां से भाग गए. देर रात रीता ने दम तोड़ दिया. मृतका के पिता ने इस मामले में पति विष्णु, सास, ससुर, देवर व तीन चचेरे भाइयों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है.
इस मामले में पुलिस का कहना है कि पति, सास और ससुर को अरेस्ट कर लिया गया. तीनों को रविवार को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है. इधर रीता की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. उनका कहना है कि पाई—पाई जोड़कर बेटी की शादी की थी लेकिन महेंदी का रंग भी नहीं उतरा और उसकी जान ले ली गई.