आगरालीक्स…एक हादसे ने फिरोजाबाद के इस इलाके में मातम पसरा दिया है. चार लोगों की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया…पढ़ें पूरी खबर
फिरोजाबाद के एक गांव में इस समय मातम पसरा हुआ है. घरों में सिसकियां और चीख पुकार की आवाज सुनाई दे रही हैं. मैनपुरी में हुए एक सड़क हादसे ने गांव के चार लोगों की मौत हो गई. मंगलवान को गमगीन माहौल में चारों का अंतिम संस्कार किया गया.
ये है मामला
थाना जसराना के गांव खडीत में रहने वाले सर्वेश कुमार सोमवार को मैनपुरी के प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर पर नेजा चढ़ाने के लिए गए थे. गांव से तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों में सवार होकर महिलाएं, पुरुष और बच्चे यहां गए थे. धूमधाम से नेजा चढ़ाया गया लेकिन लौटते समय औंछा क्षेत्र के पास एक ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. ट्रॉली के नीचे श्रद्धालु दब गए. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. जब तक ट्रॉली को हटाया जाता तब तक चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 20 से अधिक घायल हो गए.
हादसे में 17 साल की रागिनी पुत्री प्रमोद कुमार, 35 साल की मालती पत्नी प्रवेश कुमार, 12 साल की गरिमा पुत्री राजेश कुमार और 61 साल की गीता देवी पत्नी रामभरोसे की मौत हो गई. एक साथ हुई चार मौतों के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है. मंगलवार को चारों शवों का अंतिम संस्कार किया गया.