आगरालीक्स…रोडवेज की डिपोवार रैंकिंग, प्रदेश में आगरा नंबर-वन, पिछले वर्ष से मुनाफा भी दोगुना बढ़ा, जानें रोडवेज प्रबंधन क्यों कर रहा ऐसा
यूपी रोडवेज की दशा सुधारने के लिए परिवहन निगम ने नई पहल की है। इसके तहत निगम मुख्यालय व क्षेत्रीय स्तर पर गठित टीमें समीक्षा के आधार पर डिपोवार व अधिकारियों की रैंकिंग तय कर रही हैं। मार्च के महीने में प्रदेश में आगरा पहले स्थान पर रहा। डिपोवार रैंकिंग में आगरा परिक्षेत्र से आगरा फोर्ट बस स्टेशन दूसरे, ईदगाह और बाह चैथे, ताज डिपो पांचवें, मथुरा सातवें और फाउंड्रीनगर आठवें स्थान पर रहे। इससे आगरा में रोडवेज बस अड्डों, बसों की स्थिति और यात्री सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की उम्मीद की जा रही है।
रोडवेज की आय व संचालित प्रतिफल में वृद्धि के लिए क्षेत्रीय व सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों को निर्देश दिए गए हैं। कार्यरत कर्मचारियों के कार्यों को ए, बी, सी श्रेणी में रखा जाएगा, जिसके आधार पर ही उनकी ड्यूटी तय की जाएगी। सभी डिपो में इस नियम को लागू कर दिया गया है। डिपो से प्राप्त होने वाले संचालन प्रतिफल, यात्री भार, बस उपयोगिता, डीजल औसत, ड्यूटी स्लिप आदि बिंदुओं पर निर्धारित मानक के अनुसार अंक दिए जा रहे हैं। निगम मुख्यालय की यह व्यवस्था बसों का उपयोग, सुरक्षा, फिटनेस, डीजल औसत सुधार में कारगर साबित हो सकती है। हर माह होने वाली रैंकिंग से डिपो के हर छह माह के कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।

हर दिन हो रही निगरानी
डिपो से होने वाली आय, हर गाड़ी की डीजल खपत, एवरेज आदि की मुख्यालय स्तर पर हर दिन निगरानी की जा रही है। आगरा रीजन में वर्तमान में 500 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं। निगम के निर्देशानुसार ही सभी कर्मचारियों को उनके दायित्व सौंपे गए हैं। कार्यशाला के कर्मचारियों को भी गाड़ियों को चुस्त दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्च 2020 की तुलना में दोगुनी हुई आय
मार्च 2020 से तुलना करें तो मार्च 2022 में रोडवेज आगरा परिक्षेत्र ने 290 से बढ़ाकर 381 बसें संचालित कीं। एक बस से प्रतिदिन आय लगभग 18829 रूपये रही, जबकि मार्च 2020 में यह 9162 रूपये थी। यह पिछले वर्ष से 9667 रूपये यानि लगभग प्रतिदिन दोगुनी है। वहीं आगरा परिक्षेत्र ने पिछले वर्ष के मुताबिक इस माह 10 अंकों की बढ़त भी हासिल की है। मार्च 2020 में जहां आगरा परिक्षेत्र ने 1907 रूपये का घाटा सहन किया था वहीं मार्च 2022 में यह घाटा 4035 रूपये प्रतिदिन के मुनाफे में बदलने का लक्ष्य हासिल हुआ। इसके साथ ही आगरा परिक्षेत्र ने कुल 100 में से 86 अंक हासिल कर प्रदेश में नंबर वन रैंक हासिल की।