आगरालीक्स…आगरा के क्रिकेटर दीपक चाहर आइपीएल 2022 से बाहर. चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14 करोड़ में खरीदा था…
इंडियर प्रीमियर लीग का रोमांच इस समय लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है लेकिन एक टीम ऐसी है जो कि आगरा के क्रिकेटर दीपक चाहर के बिना अभी भी अपनी पहली जीत की तलाश कर रही है. ये टीम है महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई सुपरकिंग्स. चेन्न्ई ने अभी तक चार मैच खेले हैं और चारों ही मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है. टीम को कमजोर गेंदबाजी अखर रही है जिसका कारण है दीपक चाहर का फिट न होना, लेकिन अब सीएसके को और तगड़ा झटका मिला है कि दीपक चाहर आईपीएल 2022 से बाहर हो गए हैं. बता दें कि दीपक को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी 20 सीरीज के दौरान पैर में चोट लगी थी. पैर की चोट तो ठीक हो रही थी लेकिन अब दीपक पीठ को चोटिल करवा बैठे हैं.

14 करोड़ में खरीदा था दीपक को
चेन्नई सुपर किंग्स ने आगरा के क्रिकेटर दीपक चाहर को बेंगलुरू में हुए मेगा आक्शन में 14 करोड़ रुपये की बड़ी बोली लगाकर खरीदा था. दीपक चाहर पहले भी चेन्नई का हिस्सा थे लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस बार रीटेन नहीं किया था लेकिन मेगा आक्शन में दीपक को बड़ी बोली लगाकर चेन्नई से फिर से जोड़ा गया.
दीपक चाहर नई गेंद से विकेट लेने में काफी माहिर हैं. यही कारण है कि उनके न होने से चेन्नई सुपरकिंग्स का बॉलिंग अटैक कमजोर साबित हो रहा है. दीपक चाहर ने अपने आईपीएल करियर में अब तक 63 मैचों में 59 विकेट लिए हैं. वे हाल फिलहाल अपने आलराउंड प्रदर्शन के कारण थी काफी चर्चा में आए थे.