आगरालीक्स…आगरा में चोरी और लूटमार गिरोह का सरगना चढ़ा पुलिस के हत्थे. छह घटनाएं कबूली.
आगरा की थाना न्यू आगरा पुलिस ने क्षेत्र में चोरी व लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना को पकड़ा है. पुलिस पूछताछ में चोर ने छह वारदातों को कबूला है. पुलिस ने इसके पास से दर्जनों आभूषण और नकदी भी बरामद की है. पुलिस इस गैंग के छह सदस्यों को पहले ही जेल भेज चुकी है.

सुल्तानगंज की पुलिया से पकड़ा
पिछले माह पुलिस ने चोरी और लूटमार करने वाले गिरोह के छह लोगों को पकड़ा था. इस गिरोह का सरगना गौरव प्रजापति फरार था. पुलिस इसकी काफी तलाश कर रही थी. आज पुलिस को सूचना मिली कि गौरव प्रजापति सुल्तानगंज की पुलिया से गुजर रहा है. इस पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान गौरव प्रजापति को घेराबंदी कर दबोच लिया. गौरव प्रजापति शारदा विहार बोदला थाना जगदीशपुरा का रहने वाला है. इसने थाना सिकंदरा और न्यू आगरा क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना भी कबूला है.
पुलिस ने इसके पास से अंगूठी, पायजेब, हार, जंजीर, झुमकी और टॉप्स समेत चार हजार रुपये कैश बरामद किए हैं. थाना प्रभारी अरविंद कुमार निर्वाल ने बताया कि गौरव प्रजापति के गिरोह से शिवम सक्सेना, दिलीप प्रजापति, शिवम माहौर, शानू के साथ चोरी की वारदातें की थीं.